रेत लोड ट्रैक्टर ने बाइक सवार युवा इंजीनियर को मारी जोरदार टक्कर, देखते ही SDM ने पहुंचाया अस्पताल, मनरेगा तकनीकी सहायक की मौत
A sand-laden tractor hit a young engineer riding a bike, SDM rushed him to the hospital, MNREGA technical assistant died.
बलरामपुर/राजपुर : बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत चांची-बदौली मेन रोड पर स्थित ग्राम कुन्दीकला में शुक्रवार की दोपहर सडक़ हादसे में युवा इंजीनियर की मौत हो गई. दरअसल तेज रफ्तार रेत लदे ट्रैक्टर ने बाइक सवार इंजीनियर को टक्कर मार दी थी. हादसे में राजपुर जनपद पंचायत में पदस्थ मनरेगा तकनीकी सहायक की मौत हो गई. हादसे में युवा इंजीनियर की मौत से उसके परिजनों में जहां मातम पसरा हुआ है. वहीं स्थानीय लोगों में आक्रोश का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक अंबिकापुर के गांधीनगर निवासी आशुतोष गुप्ता पिता अस्थीलाल गुप्ता उम्र 30 साल बलरामपुर जिले के राजपुर जनपद पंचायत में मनरेगा तकनीकी सहायक के पद पर कार्यरत थे. शुक्रवार को वह बाइक से राजपुर ब्लॉक के ग्राम डकवा, करजी और उधवाकठरा पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना के कार्यों का निरीक्षण करने जा रहे थे.
इसी दौरान कुन्दीकला स्थित किसान सेवा केंद्र के पास सामने से आ रहे रेत लोड ट्रैक्टर ने उन्हें टक्कर मार दी. हादसे में आशुतोष गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गए. हादसे के समय रास्ते से गुजर रहे शंकरगढ़ एसडीएम अनमोल टोप्पो ने तत्काल घायल तकनीकी सहायक को अपनी गाड़ी से जिला अस्पताल अंबिकापुर पहुंचाया. यहां जांच पश्चात डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हादसे के चश्मदीदों का कहना है कि रेत लोड ट्रैक्टर महान नदी से सिधमा की तरफ जा रहा था. ट्रैक्टर भी सिधमा गांव का ही है. हादसे की खबर मिलते ही पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. वहीं क्षेत्र के लोगों ने दोषी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा अवैध रेत परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है.
हादसे से नाराज ग्रामीणों का कहना है कि राजपुर क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन करने वाले ट्रैक्टर चालक तेज गति से वाहनों को दौड़ाते हैं. वे रास्ते में आने वाले अन्य वाहनों को साइड तक नहीं देते.
महान नदी से लगातार अवैध रेत उत्खनन और परिवहन होने के बावजूद प्रशासन की कार्रवाई केवल औपचारिक बनकर रह गई है. लोगों का आरोप है कि रेत माफियाओं के बढ़ते हौसले और प्रशासनिक उदासीनता के कारण एक सरकारी कर्मचारी की जान चली गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



