मुर्गा चोरी के आरोप में मजदूर की बेरहमी से पिटाई, पोल्ट्री-फार्म में बीच-बचाव करने पर ग्रामीणों को भी पीटा, संचालक-मैनेजर और मुंशी के खिलाफ एक्शन
A laborer was brutally beaten for allegedly stealing a chicken; villagers were also beaten for intervening at a poultry farm; action was taken against the operator, manager, and clerk.
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही : छत्तीसगढ़ के गौरेला स्थित पोल्ट्री फार्म में मध्य प्रदेश के अनूपपुर जिले के एक मजदूर के साथ मारपीट का मामला सामने आया है. मुर्गा चोरी का आरोप लगाकर पोल्ट्री फार्म संचालक, मैनेजर और मुंशी ने उसकी डंडे, चप्पलों और मुक्कों से पिटाई कर दी. बीच-बचाव करने पहुंचे अनूपपुर के दो अन्य ग्रामीणों के साथ भी मारपीट की गई। पीड़ित की शिकायत पर गौरेला पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक अनूपपुर जिले के ग्राम बीड़ निवासी युवक दिसंबर 2025 से गौरेला के बेलगहना टोला स्थित मोनू पोल्ट्री फार्म में मजदूरी कर रहा था. घटना वाले दिन दोपहर करीब एक बजे उसने फार्म में पहले से काम कर रहे मनोज यादव से 1 किलो 900 ग्राम मुर्गा लिया था. कुछ देर बाद पोल्ट्री फार्म संचालक मोनू वहां पहुंचा और युवक पर मुर्गा चोरी करने का आरोप लगा दिया.
पीड़ित मजदुर ने आरोप से इंकार किया तो संचालक ने गाली-गलौज शुरू कर दी और जान से मारने की धमकी देते हुए डंडे और चप्पलों से उसकी पिटाई कर दी. पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद संचालक ने अपने मैनेजर और मुंशी चिंटू को मौके पर बुलाया. दोनों ने भी पहुंचते ही उसके साथ हाथ-मुक्कों और चप्पलों से मारपीट की. हमले में युवक के चेहरे और पीठ पर चोटें आई हैं.
मारपीट की आवाज सुनकर अनूपपुर के ही बलराम सिंह और मुकेश सिंह बीच-बचाव करने पहुंचे. आरोप है कि तीनों आरोपियों ने उनके साथ भी हाथ-मुक्कों, डंडों और ईंट से हमला कर दिया. इस हमले में दोनों ग्रामीण भी घायल हो गए. बलराम सिंह के चेहरे, घुटने और शरीर के अन्य हिस्सों में, जबकि मुकेश सिंह के पैर, पीठ और चेहरे पर चोटें आई हैं.
घटना के बाद पीड़ित ने गौरेला थाना में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने आरोपी मोनू, सुहेल और चिंटू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 296, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



