दो भाईयों ने मिलकर बहन के प्रेमी को उतारा मौत के घाट, रिश्तेदार के लवर का मर्डर के आरोप में दोनों भाई गिरफ्तार
Two brothers together killed their sister's lover, both brothers arrested on charges of murdering their relative's lover
रायगढ़ : रायगढ़ जिला में धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम तराईमार में धान खरीदी केंद्र के कम्प्यूटर ऑपरेटर की हत्या मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. प्रेम संबंध के विवाद में युवक की हत्या कर दी गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक बीती रात गेरसा धान खरीदी केंद्र के कम्प्यूटर ऑपरेटर का एक आरोपी से विवाद हो गया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपी ने दया को पीट-पीटकर लहुलूहान कर दिया. घटना के बाद फौरन दया को सिविल अस्पताल धरमजयगढ़ ले जाया गया. जहां नाजुक हालत को देखते हुए उसे रायगढ़ मेडिकल कालेज रेफर किया गया. रायगढ़ ले जाते समय पीड़ित ने दम तोड़ दिया.
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तत्काल सिविल अस्पताल पहुंची. जहां मृतक की पहचान दयाराम साहू पिता फागूलाल साहू उम्र 27 साल के रुप में हुई. पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया.
इस मामले की जांच में पता चला कि दयाराम का निरंजन सिदार की रिश्तेदार युवती से प्रेम संबंध था. जिसे लेकर निरंजन और उसका भाई राजू सिदार पहले से नाराज थे. बीती 1 मार्च की रात जब दयाराम निरंजन के घर पहुंचा तो दोनों भाइयों ने गुस्से में आकर उस पर मोटरसाइकिल के शॉक-एब्जॉर्बर रॉड से हमला कर दिया. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल हालत में उसे सिविल अस्पताल लाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
पुलिस ने मृतक के भाई कन्हैया साहू उम्र 34 साल की शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103, 3(5) BNS के तहत अपराध क्रमांक 85/2025 दर्ज किया. दोनों आरोपी निरंजन सिदार उम्र 31 साल और राजू सिदार उम्र 18 साल को कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में दोनों ने पुरानी रंजिश के चलते हत्या करने की बात कबूल कर ली.
इस कामयाबी में सहायक उप निरीक्षक डेविड टोप्पो, प्रधान आरक्षक सुधो भगत, आरक्षक विजय राठिया, विनय तिवारी, कमलेश राठिया, किशोर राठौर, अलेक्सियस एक्का और महिला आरक्षक सोनम उरांव, संगीता भगत, नीरा समेत अन्य पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



