तालाब में तैरती मिली युवक की लाश, अच्छा तैराक होने के बाद भी डूबने से मौत पर उठे सवाल, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
The body of a young man was found floating in a pond, raising questions about his death by drowning despite being a skilled swimmer; family members suspect murder.
मुंगेली/लोरमी : छत्तीसगढ़ के मुंगेली जिले के लोरमी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है. जहां एक युवक देवचंद की लाश तालाब में तैरती हुई मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की मौत ने कई गंभीर सवालों को जन्म दे दिया है. परिजनों का दावा है कि देवचंद एक बेहतरीन तैराक था. ऐसे में उसका तालाब में डूब जाना गले नहीं उतर रहा है. परिजनों ने सीधे तौर पर हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से उच्च स्तरीय जांच की मांग की है. वहीं पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को जांच में ले लिया है. यह मामला घटना लोरमी थाना क्षेत्र के सालहेघोरी गांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक सुबह जब ग्रामीण तालाब की तरफ गए. तो उन्होंने पानी में एक शव को उतराते हुए देखा. देखते ही देखते यह खबर पूरे इलाके में आग की तरह फैल गई और तालाब के किनारे ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. स्थानीय लोगों ने इसकी खबर लोरमी थाना पुलिस को दी.
खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गोताखोरों व स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकाला गया. मृतक की शिनाख्त स्थानीय युवक देवचंद के रूप में हुई. शव को देखने से ऐसा मालुम हो रहा था कि वह करीब एक से दो दिन पुराना है. पुलिस ने पंचनामा दर्ज कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है.
परिजनों का संगीन आरोप : देवचंद अच्छा तैराक था, डूब नहीं सकता..
इस घटना के बाद से मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मीडिया से चर्चा करते हुए परिजनों ने पुलिस प्रशासन के सामने गहरी नाराजगी और संदेह व्यक्त किया है. उनका कहना है कि देवचंद बचपन से ही तैरने में माहिर था. वह अक्सर इसी तालाब में नहाने जाता था और गहरे पानी में भी आसानी से तैर लेता था.
“जो लड़का पानी से कभी नहीं डरा और जिसे तैरने का इतना अच्छा अनुभव था. वह इस छोटे से तालाब में डूबकर कैसे मर सकता है? हमें पूरा शक है कि किसी ने रंजिश के तहत उसकी हत्या की है और सबूत छुपाने के लिए शव को तालाब में फेंक दिया है.” - मृतक के परिजन
पुलिस की कार्रवाई और पीएम रिपोर्ट का इंतजार..
परिजनों के आक्रोश और हत्या की आशंका को देखते हुए लोरमी पुलिस बेहद सतर्कता से कदम उठा रही है. पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया है. और आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है.
लोरमी थाना प्रभारी ने बताया कि शुरुआती तौर पर मामला संदिग्ध मालूम हो रहा है. पुलिस हर एंगल से इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है. युवक की मौत पानी में डूबने से हुई है या उसे मारकर पानी में फेंका गया है. इसका खुलासा पोस्टमार्टम (PM) रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा. फिलहाल पुलिस शॉर्ट पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. इलाके में तनाव और शक का माहौल बना हुआ है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



