बच्चों की पढ़ाई छोड़ एक साथ पिकनिक मनाने निकले शिक्षक, फोटो वायरल, 8 से ज्यादा स्कूलों में शिक्षा व्यवस्था प्रभावित, DEO ने दिए जांच के निर्देश
Teachers leave students' studies behind to go on a picnic together; photos go viral. Educational activities in over 8 schools are affected; the District Education Officer (DEO) has ordered an inquiry.
गरियाबंद/फिंगेश्वर/कौंदकेरा : बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी जिन शिक्षकों पर है, उन्हीं की लापरवाही का मामला गरियाबंद जिले में सामने आया है. फिंगेश्वर विकासखंड के कौंदकेरा संकुल क्षेत्र में 8 से अधिक स्कूलों के शिक्षक कथित तौर पर बिना उच्च अधिकारियों की अनुमति के पिकनिक मनाने निकल गए। एक साथ 10 से ज्यादा शिक्षकों के स्कूल से गायब रहने की वजह से कई स्कूलों में पढ़ाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात सामने आई है.
इस मामले का खुलासा तब हुआ, जब घूमने गए शिक्षकों की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। बताया जा रहा है कि शिक्षक लगातार दो दिनों से स्कूलों से गैरहाजिर थे. मामले को लेकर शिक्षा विभाग में भी हलचल मच गई है.
मिली जानकारी के मुताबिक कौंदकेरा संकुल क्षेत्र के अलग-अलग स्कूलों से 10 से ज्यादा शिक्षक एक साथ घूमने चले गए. हैरानी की बात यह है कि कुछ स्कूलों में पहले से ही शिक्षकों की तादाद सीमित है. ऐसे में जहां सिर्फ दो शिक्षक पदस्थ हैं. वहां दोनों के गैरहाजिर रहने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित होने की स्थिति बन गई.
कुछ स्कूलों में दूसरे शिक्षकों की वैकल्पिक व्यवस्था की गई. तो कहीं अतिथि शिक्षकों के सहारे पढ़ाई संचालित करने की बात सामने आई है.
संकुल प्राचार्य ने भी की पुष्टि
शिक्षकों के पिकनिक मनाने की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला शिक्षा विभाग तक पहुंचा। संकुल प्रभारी एमआर रात्रे ने भी शिक्षकों के बिना अनुमति घूमने जाने की पुष्टि की है. इससे स्कूलों में शिक्षकों की गैरहाजिरी को लेकर उठ रहे सवाल और गंभीर हो गए हैं.
DEO ने दिए जांच के निर्देश, कार्रवाई पर टिकी नजरें
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने जांच के निर्देश दिए हैं. अब जांच में यह साफ होगा कि संबंधित शिक्षकों ने किस आधार पर अवकाश लिया था. क्या उन्होंने नियमानुसार अनुमति ली थी और उनकी गैरहाजिरी के दौरान स्कूलों में पढ़ाई की क्या व्यवस्था रही.
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि जब बच्चों की पढ़ाई प्राथमिकता होनी चाहिए. तब एक साथ 10 से ज्यादा शिक्षक स्कूल छोड़कर कैसे घूमने चले गए? क्या जांच के बाद जिम्मेदार शिक्षकों पर विभागीय कार्रवाई होगी या मामला सिर्फ जांच तक ही सीमित रह जाएगा?
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



