राखी की खुशियां मातम में बदलीं: दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर, राखी बांधने जा रहे कई लोग घायल, 2 की हालत नाजुक, इलाज जारी

Rakhi celebrations turn to tragedy: Two motorcycles collide head-on with great force; several people on their way to tie Rakhis injured, two in critical condition, and treatment is underway.

राखी की खुशियां मातम में बदलीं: दो बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर, राखी बांधने जा रहे कई लोग घायल, 2 की हालत नाजुक, इलाज जारी

गरियाबंद/देवभोग : रक्षा बंधन के दिन जब भाई-बहन के मिलन की खुशियां चारों तरफ थीं, उसी बीच देवभोग क्षेत्र से एक दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. डोहेल के पास दो बाइकों के बीच हुई जोरदार टक्कर में दोनों वाहनों पर सवार कई लोग घायल हो गए. हादसा इतना भयावह बताया जा रहा है कि मौके का मंजर देखकर लोगों के रोंगटे खड़े हो गए.
मिली जानकारी के मुताबिक सागुनभाडी से एक परिवार राखी बंधवाने के लिए टिकरापारा की तरफ निकला था. एक बाइक में हेमंत कश्यप, उनकी पत्नी शिवरात्रि कश्यप और लता सवार थे. वहीं दूसरी बाइक में लालधर यादव अपनी बेटियों गीता यादव और राधिका के साथ मुरलीगुड़ा जा रहे थे. ये मुड़घेलमाल के निवासी है. मुरलीगुड़ा राखी बांधने के लिए जा रहे थे.
इसी दौरान करीब दोपहर 1 बजे डोहेल के पास दोनों बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सड़क पर चीख-पुकार मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे का दृश्य बेहद दर्दनाक था और घायल सड़क पर तड़पते नजर आए. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मदद के लिए दौड़ लगाई और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की.
112 ने दिखाई तत्परता, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
घटना की खबर मिलते ही 112 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग पहुंचाया. 112 टीम में पुलिसकर्मी हुमेश ध्रुव, ड्राइवर अमित कोमर्रा और सहयोगी राहुल कुमार कश्यप शामिल रहे. टीम की तत्परता से घायलों को समय पर अस्पताल पहुंचाया गया. जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा है.
हादसे के बाद सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवभोग लाया गया. जहां चिकित्सकों द्वारा प्राथमिक उपचार किया जा रहा है. बताया जा रहा है कि लालधर यादव की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. वहीं टिकरापारा निवासी घायल की हालत भी गंभीर बताई जा रही है. दोनों की हालत को लेकर परिजनों में भारी चिंता बनी हुई है.
जिस दिन राखी बांधने निकले थे, उसी दिन अस्पताल पहुंच गए
यह हादसा इसलिए भी बेहद दर्दनाक है क्योंकि दोनों परिवार रक्षा बंधन की खुशियों में शामिल होने के लिए घर से निकले थे. किसी ने शायद सोचा भी नहीं होगा कि राखी के इस पवित्र पर्व पर रास्ते में एक ऐसा हादसा उनका इंतजार कर रहा है. जो परिवार की खुशियों को पल भर में चिंता और मातम में बदल देगा.
फिलहाल देवभोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में घायलों का इलाज जारी है. हादसे की वास्तविक वजह और दोनों बाइकों की भिड़ंत किन परिस्थितियों में हुई. इसकी विस्तृत जानकारी सामने आना बाकी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?