खैरझिटी में गरीबों के राशन पर डाका, 58 क्विंटल राशन गायब, तीन महीने से नहीं मिला चावल, कुम्हड़ई कला SDM देवभोग से तत्काल कार्रवाई की मांग

Poor rations stolen in Khairjhiti, 58 quintals of ration missing, rice not available for three months, Kumhadai Kala SDM Devbhog demands immediate action

खैरझिटी में गरीबों के राशन पर डाका, 58 क्विंटल राशन गायब, तीन महीने से नहीं मिला चावल, कुम्हड़ई कला SDM देवभोग से तत्काल कार्रवाई की मांग

पहला मामला- खैरझिटी में गरीबों के राशन पर डाका, 58 क्विंटल राशन गायब, तीन महीने से नहीं मिला चावल

महासमुंद : छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में एक बार फिर गरीबों के राशन पर डाका पड़ा है. ग्राम पंचायत खैरझिटी की सरकारी राशन दुकान में लाखों रुपये का घोटाला सामने आया है. खाद्य विभाग की जांच में 58 क्विंटल राशन गायब मिला. जबकि ग्रामीणों का दावा है कि 200 क्विंटल से ज्यादा चावल-दाल कालाबाजारी में बेच दिया गया.
ग्रामीणों ने बताया कि सरकारी उचित मूल्य की दुकान महीनों में 4 या 5 दिन ही खुलती है. सबसे बड़ी बात यह दुकान एक महिला स्व-सहायता समूह को दी गई थी. लेकिन समूह अध्यक्ष के बेटे ने इसे अपने कब्जे में लेकर खुलेआम लूट मचाई.
महासमुंद शहर से महज 15 किलोमीटर दूर ग्राम पंचायत खैरझिटी… जहां गरीबों का हक बनने वाला राशन अब कालाबाजारी का शिकार बन गया है. यह है महिला एकता शबरी स्व-सहायता समूह की उचित मूल्य की दुकान… जिसे समूह की अध्यक्ष के बेटे सुरेंद्र पाटले ने संचालित किया और लाखों की हेराफेरी कर डाली.
खाद्य विभाग की जांच में 58 क्विंटल चावल गायब मिले. लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि असल में 200 क्विंटल से ज्यादा राशन बाजार में बेचा गया. तीन महीने से पूरा राशन नहीं मिला. जब ग्रामीण राशन लेने पहुंचते हैं तो सुरेन्द्र पाटले गाली देता है. कहता है ‘जा जहां शिकायत करना है शिकायत करो’
राशन कार्ड बनाने लिए 2 से 3 हजार
इतना ही नहीं राशन दुकान के संचालक ने राशन कार्ड बनवाने के लिए ग्राम के सैकड़ों गरीब परिवार से 2 से 3 हजार रुपये लिए. लेकिन आज तक राशन कार्ड नहीं बन पाया है. केंद्र सरकार का मुफ्त राशन भी दुकानदार ने बेच खाया है. ग्रामीण भूखे मर रहे हैं और उचित मूल्य दुकान का संचालक करोड़पति बन रहा है.
न लाइसेंस रद्द हुआ, न FIR हुई क्यों?
सबसे बड़ा सवाल यह है कि महिला समूह को दी गई दुकान को अध्यक्ष का बेटा कैसे चला रहा था? नियम के मुताबिक सिर्फ समूह की महिला सदस्य ही संचालक हो सकती हैं. फिर भी सालों से सुरेंद्र पाटले खुलेआम दुकान चला रहा था और अधिकारी मौन हैं. खाद्य विभाग ने जांच में सभी आरोप सत्य पाए हैं. 58 क्विंटल की कमी कबूल की गई है. लेकिन अब तक न लाइसेंस रद्द हुआ, न FIR हुई...
राशन माफिया को बचाने की कोशिश 
SDM अक्षा गुप्ता से जब इस मामले में बात करने की कोशिश की गई तो उन्होंने कैमरे पर कुछ भी बोलने से साफ इंकार कर दिया. सवाल यह है कि जब जांच में सब साबित हो गया तो कार्रवाई में देरी क्यों? क्या राशन माफिया को बचाने की कोशिश हो रही है?
ग्रामीणों की मांग है कि दुकान का लाइसेंस फौरन रद्द हो, सुरेंद्र पटले पर FIR हो और ठगे गए लोगों को उनका राशन और पैसा वापस मिले.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t

दूसरा मामला- कुम्हड़ई कला में राशन वितरण में गंभीर अनियमिततायें : ग्रामीणों ने SDM देवभोग से की फौरन कार्रवाई की मांग

गरियाबंद/देवभोग : विकासखंड देवभोग के ग्राम पंचायत कुम्हड़ई कला में संचालित राशन दुकान में बीते लंबे समय से अनियमितताओं का आरोप लगाते हुये ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) देवभोग को लिखित शिकायत सौंपी है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि माटीगुड़ी स्व-सहायता समूह द्वारा संचालित इस राशन दुकान में बीते एक साल से लगातार गड़बड़ियाँ की जा रही हैं.
ग्रामीणों के मुताबिक समूह द्वारा कई बार महीने भर का राशन बेचकर गबन कर दिया जाता है. जिसके चलते हितग्राहियों को समय पर चावल नहीं मिल पाता. शिकायत में यह भी उल्लेख है कि सेल्समैन चक्रधर यादव द्वारा जब अगले महीने का नया चावल आता है. तभी पिछले महीने का चावल वितरित किया जाता है. इस वजह से नियमित रुप से राशन लेने वाले कार्डधारियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
ग्रामीणों का आरोप है कि सेल्समैन घर में बैठकर फिंगर एंट्री कर वितरण दिखा देता है. जबकि वास्तविक वितरण कई बार नहीं होता है. हितग्राही शिकायत करते हैं कि चावल मांगने पर उन्हें एक-एक महीने तक घुमाया जाता है. जिससे शासन की सार्वजनिक वितरण प्रणाली की विश्वसनीयता पर प्रश्नचिह्न लग रहा है.
ग्रामीणों ने SDM देवभोग से मांग किया कि राशन दुकान का फौरन स्टॉक निरीक्षण, वितरण रजिस्टर की जांच और जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए. ताकि भविष्य में ऐसी अनियमिततायें रोकी जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t