रायपुर में ड्राई ड्रग्स नेटवर्क पर सबसे बड़ी कार्रवाई, 4 मेडिकल स्टोर सील, बिना पर्ची बेच रहे प्रतिबंधित दवाइयां, औषधि व प्रसाधन एक्ट के तहत मामला दर्ज
Major crackdown on the illicit drug network in Raipur: 4 medical stores sealed for selling restricted medicines without prescriptions; cases registered under the Drugs and Cosmetics Act.
रायपुर : राजधानी में सूखे नशे (ड्राई ड्रग्स) के बढ़ते कारोबार पर रायपुर पुलिस कमिश्नरेट और औषधि एवं प्रसाधन विभाग ने संयुक्त रूप से बड़ी कार्रवाई करते हुए बिना डॉक्टर की वैध पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयां बेचने वाले चार मेडिकल स्टोरों को सील कर दिया. इस दौरान शहर के तीन दर्जन से ज्यादा मेडिकल स्टोर्स की जांच की गई और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ औषधि एवं प्रसाधन अधिनियम के तहत जुर्म दर्ज किए गए.
पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई. पुलिस को लगातार खबर मिल रही थी कि कुछ मेडिकल स्टोर संचालक डॉक्टर की पर्ची के बिना प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री कर रहे हैं. जिनका इस्तेमाल विशेष रूप से युवा नशे के रूप में कर रहे हैं.
इसी खबर के आधार पर पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला के नेतृत्व में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, संबंधित थाना पुलिस और औषधि विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई इलाकों में टेस्ट परचेजिंग कर जांच की.
कार्रवाई के दौरान मां दुर्गा मेडिकोज (गोलबाजार), आयुष मेडिकल (गुढियारी), विश्वास मेडिकल (भनपुरी) और उदय मेडिकल स्टोर (उरकुरा) में बिना प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित Pregabalin Capsules और Rexcof DX Syrup की बिक्री होती पाई गई.
जांच में नियमों का उल्लंघन साबित होने पर औषधि विभाग ने चारों मेडिकल स्टोरों के खिलाफ मामले दर्ज कर उन्हें सील करा दिया. अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रतिबंधित और प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाइयों की बिक्री सिर्फ वैध डॉक्टर की पर्ची पर ही की जा सकती है.
रायपुर पुलिस ने सभी मेडिकल स्टोर संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि अगर भविष्य में बिना डॉक्टर की पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों की बिक्री करते हुए कोई भी मेडिकल स्टोर पाया गया. तो उसके खिलाफ भी इसी तरह कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



