छत्तीसगढ़ में एक ही गांव के प्रेमी जोड़े ने पर्वत से कूदकर दी जान, इलाके में सनसनी, पारिवारिक दबाव के बाद प्रेम प्रसंग में आत्मघाती कदम की आशंका
In Chhattisgarh, a couple from the same village committed suicide by jumping from a mountain, creating a sensation in the area. Family pressure led to the suicide attempt.
महासमुंद/सरायपाली : छत्तीसगढ़ के पर्यटन मानचित्र पर अपनी पहचान बनाने वाला शिशुपाल पर्वत रविवार सुबह एक भीषण त्रासदी का गवाह बना. सरायपाली के बलौदा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस पर्वत की तराई में एक युवक और युवती के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है.
बारीकपाली गांव के थे दोनों मृतक
पुलिस की प्रारंभिक शिनाख्त में मृतकों की पहचान डिलेश्वर साव और उसी के गांव बारीकपाली की एक युवती के रूप में हुई है. बताया जा रहा है कि दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था. रविवार सुबह जब स्थानीय ग्रामीणों और पर्यटकों ने पहाड़ी के नीचे क्षत-विक्षत शव देखे. तब जाकर इस खौफनाक कदम का खुलासा हुआ.
प्रेम प्रसंग में आत्मघाती कदम की आशंका
बलौदा पुलिस ने मौके पर पहुँचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. घटनास्थल की हालात और ऊंचाई को देखते हुए यह साफ लग रहा है कि दोनों ने पर्वत के शिखर से एक साथ छलांग लगाई. हालांकि खुदकुशी के सटीक वजह और किसी संभावित सुसाइड नोट की बरामदगी को लेकर पुलिस ने अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.
वन विभाग के सुरक्षा दावों की खुली पोल
इस दिल दहला देने वाली घटना ने प्रशासन और विशेषकर वन विभाग को कटघरे में खड़ा कर दिया है. स्थानीय निवासियों में भारी आक्रोश है. जिनका कहना है कि पर्यटकों से मुख्य द्वार पर ₹20 की वसूली की जाती है. लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नदारद हैं. पहाड़ी के खतरनाक पॉइंट्स पर कोई रेलिंग या गार्ड तैनात नहीं रहते, जिससे ऐसी घटनाओं को रोकने में विफलता मिल रही है. रात या अलसुबह कोई भी बिना रोक-टोक पहाड़ी के संवेदनशील इलाकों तक पहुंच सकता है.
जांच जारी
बलौदा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अब परिजनों के बयान दर्ज कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या इस आत्मघाती कदम के पीछे पारिवारिक दबाव था या कोई दूसरी वजह. इस घटना के बाद से शिशुपाल पर्वत पर आने वाले सैलानियों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



