हाथियों का तांडव जारी, लोनर हाथी के हमले से एक महिला की मौत, एक हफ्ते में तीन लोगों की गई जान, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
Elephant rampage continues, a woman killed by a lone elephant, three people killed in a week, villagers in panic
कोरबा : कोरबा जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में हाथी के हमले से एक महिला की मौत हो गई. बीते एक हफ्ते में हाथियों के हमले में तीन लोगों की जान जा चुकी है. जबकि पिछले 24 घंटे में यह दूसरी घटना है. जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.
मिली जानकारी के मुताबिक ताजा घटना में कटघोरा वनमंडल के जटगा वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम बिंझरा के आश्रित ग्राम चंदनपुर में तड़के सुबह गांव से लगे जंगल में शौच के लिए गए पति-पत्नी पर एक दंतैल हाथी ने अचानक हमला कर दिया. हाथी को देखते ही पति जान बचाकर भाग निकला. लेकिन हाथी ने महिला कुचलकर मौत के घाट उतार दिया. मृतका की पहचान 36 वर्षीय मीना बाई के रुप में हुई है. जो रामकुमार की पत्नी थी. शौच कर वापस लौटते समय दोनों का हाथी से आमना-सामना हुआ था.
चश्मदीदों ने बताया कि हाथी ने महिला का एक हाथ उखाड़ कर अलग फेंक दिया. एक दांत सिर में घुसाकर हाथी ने महिला को मारा है.जिसने भी मौत के बाद महिला के क्षत विक्षत शव को देखा, उसका दिल दहल गया.
गांव बिंझरा निवासी और सांसद प्रतिनिधि मुरली संत ने बताया कि लोनर हाथी पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में घूम रहा है. लेकिन हमारे गांव में मुनादी नहीं कराई गई है. ना कोई खबर थी. पिछली रात 12:00 बजे सरपंच को खबर दी गई है. अब रात को 12 बजे किस व्यक्ति को खबर करेंगे? गांव में सायरन की गाड़ी तक नहीं भेजी गई. ना ही ठीक तरह से खबर किया गया. जिसके कारण ही महिला के मौत हुई है.
ग्रामीण ने कहा कि वह गरीब महिला है. ईंट बनाने का काम करती थी. वन विभाग स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी अनदेखी करता है. आम लोगों के हितों से कोई मतलब नहीं है. लगातार लापरवाही से लोगों की जान जा रही है.
ग्रामीणों का यह भी कहना है कि सभी आदिवासी हैं. आखिर आदिवासी जाए तो जाएं कहां? इस क्षेत्र में एक नया कोयला खदान भी प्रस्तावित कर दिया गया है. आने वाले समय में इस क्षेत्र में हालत और ज्यादा खराब होगी.
24 घंटे पहले चैतमा वन परिक्षेत्र में भी हाथी के हमले की घटना सामने आई थी. जहां पति-पत्नी घर के आंगन में सो रहे थे. इस दौरान हाथी ने हमला कर पत्नी मीना बाई उम्र 36 साल को पटककर मार डाला और पति खाट के नीचे छुपकर अपना जान बचाया था. वहीं, करीब पांच दिन पहले बिलासपुर रेंज में भी एक महिला को हाथी ने मार डाला था. बताया जा रहा है कि वही दंतैल हाथी झुंड से बिछड़कर बिलासपुर रेंज से होते हुए कटघोरा वनमंडल क्षेत्र में पहुंचा है और लगातार मानव-आवास के करीब घूम रहा है.
घटना की खबर मिलते ही वन विभाग और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. कटघोरा के डीएफओ निशांत झा ने बताया कि खबर मिलते ही वन विभाग की टीम घटनास्थल पर पहुंची. पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली गई. मृतका के परिजनों को जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में तत्काल सहायता राशि के रुप में 25 हजार रुपये प्रदान किए गए हैं. साथ ही दंतैल हाथी की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की अपील की गई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



