बड़े ने छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट, पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद खूनी वारदात, आरोपी च्वाइस सेंटर संचालक गिरफ्तार

Elder brother hacks younger brother to death with an axe; fatal incident follows a dispute over a financial transaction; accused, who runs a 'Choice Center', arrested.

बड़े ने छोटे भाई को कुल्हाड़ी से काटकर उतारा मौत के घाट, पैसों के लेनदेन को लेकर विवाद के बाद खूनी वारदात, आरोपी च्वाइस सेंटर संचालक गिरफ्तार

दुर्ग : दुर्ग के इंदिरा नगर बघेरा में बुधवार सुबह पैसों के लेनदेन को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद हो गया. विवाद बढ़ने पर बड़े ने छोटे भाई पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया. हमले में छोटे भाई की मौके पर ही मौत हो गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृतक कैलाश देवांगन उम्र 26 साल निवासी इंदिरा नगर बघेरा और आरोपी बड़े भाई देवेंद्र देवांगन दोनों भाइयों का साईनगर बघेरा इलाके में चॉइस सेंटर था. दोनों भाइयों के बीच सेंटर से होने वाले पैसों के लेनदेन को लेकर कुछ समय से विवाद चल रहा था. इसी बात को लेकर बुधवार सुबह दोनों भाइयों के बीच फिर कहासुनी हो गई.
इसी दौरान देवेंद्र ने घर में रखी कुल्हाड़ी से कैलाश पर हमला कर दिया. हमले में कैलाश गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर गिर पड़ा. आसपास के लोगों ने वारदात की जानकारी पुलिस को दी. खबर मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची. लेकिन तब तक कैलाश की मौत हो चुकी थी.
वारदात के बाद आरोपी को मौके से पकड़ा
कोतवाली थाना प्रभारी नवीन राजपूत ने बताया कि वारदात की खबर मिलते ही पुलिस टीम इंदिरा नगर बघेरा पहुंची. साईनगर बघेरा निवासी थान सिंह देवांगन की रिपोर्ट पर थाना सिटी कोतवाली दुर्ग में अपराध क्रमांक 442/2026, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया.
पुलिस ने घटनास्थल की जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू की. वहीं आरोपी देवेंद्र देवांगन को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस अब दोनों भाइयों के बीच विवाद की पूरी वजह पता करने में जुटी है. पैसों के लेनदेन को लेकर किस बात पर विवाद शुरू हुआ और वारदात के समय दोनों के बीच क्या बातचीत हुई, इसकी भी जांच की जा रही है.
ई-साक्ष्य तैयार किए गए
पुलिस ने बताया कि मामले में आसपास के लोगों और परिवार के सदस्यों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही घटनास्थल से जरूरी सबूत जुटाए गए हैं और ई-साक्ष्य भी तैयार किए गए हैं. पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद घटना से जुड़े अन्य तथ्यों का खुलासा होगा. फिलहाल छोटे भाई की हत्या के मामले में बड़े भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है. कोतवाली पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?