भाजपा नेता की दबंगई, रेत को लेकर महिला पंच को गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने किया मामला दर्ज

BJP leader's bullying, abused a woman Panch over sand and threatened to kill her, police registered a case

भाजपा नेता की दबंगई, रेत को लेकर महिला पंच को गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी, पुलिस ने किया मामला दर्ज

कोरबा : छत्तीसगढ़: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में सत्ताधारी दल के एक नेता की दबंगई का मामला सामने आया है. यहां एक महिला पंचायत प्रतिनिधि (पंच) ने भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा पर मांड नदी से रेत लेने को लेकर न सिर्फ गाली-गलौज करने, बल्कि जान से मारने की धमकी देने का भी गंभीर आरोप लगाया है. पीड़िता की शिकायत पर करतला पुलिस ने आरोपी नेता के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है.
मिली जानकारी के मुताबिक करतला ब्लॉक के कुदमुरा गांव की पंचायत के वार्ड क्रमांक 5 की निर्वाचित पंच गीता यादव ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है कि वह 6 जून को अपने घरेलू काम के लिए मांड नदी से एक छोटी गाड़ी में रेत लेने गई थीं. उस समय वहां मौजूद भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा ने उन्हें रोक दिया और कहा कि “छोटी गाड़ी को रेत नहीं दी जाएगी. गाड़ी वापस ले जाओ. यह मेरी खदान है. मैं जिसे चाहूँगा उसे रेत दूँगा. जब महिला पंच ने इसका विरोध किया. तो आरोपी नेता ने उनके साथ अपशब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी.
इस घटना से आहत होकर गीता यादव घर लौट आईं और परिवार से चर्चा करने के बाद 8 जून को करतला थाने पहुंचकर आरोपी के खिलाफ औपचारिक शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद महिला पंच की शिकायत पर करतला पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी नटवरलाल शर्मा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 और 351 (3) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है.
गीता यादव ने पुलिस को बताया कि घटना के समय गांव के संजू लहरे, द्वारका राठिया और एक नगर सैनिक समेत कई लोग मौजूद थे. जिन्होंने यह सब कुछ अपनी आंखों से देखा. उन्होंने कहा कि इस तरह के व्यवहार से वह बेहद अपमानित महसूस कर रही हैं.
स्थानीय लोगों के मुताबिक भाजपा नेता नटवरलाल शर्मा का नाम पहले भी कई विवादों में सामने आ चुका है. वह अपने क्षेत्र में अपनी बदजुबानी और दबंग व्यवहार के लिए जाने जाते हैं. इस घटना ने यह सवाल खड़ा कर दिया है कि अगर एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ ऐसा बर्ताव किया जा सकता है. तो आम जनता के साथ उनका व्यवहार कैसा होगा?
बताया जा रहा है कि कुदमुरा में रेत घाट का संचालन आधिकारिक तौर पर पंचायत द्वारा किया जाता है. लेकिन यह सिर्फ नाम मात्र का है. असल में घाट पर ठेकेदारों और दबंग लोगों का कब्जा है जो अपनी मनमानी करते हैं. इस पूरे मामले में खनिज विभाग की भूमिका पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं. क्योंकि विभाग द्वारा इन अवैध गतिविधियों पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है. वहीं रसूखदार लोगों के आगे पुलिस भी अक्सर कार्रवाई करने से बचती नजर आती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB