विष्णु सरकार से संतुष्ट नहीं भाजपा के मंडल अध्यक्ष और जनपद नेता, बढ़ते अपराध से परेशान होकर सौंपा ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन की दे डाली चेतावनी

BJP Mandal President and district leader not satisfied with Vishnu government troubled by increasing crime submitted memorandum warned of protest

विष्णु सरकार से संतुष्ट नहीं भाजपा के मंडल अध्यक्ष और जनपद नेता, बढ़ते अपराध से परेशान होकर सौंपा ज्ञापन, धरना-प्रदर्शन की दे डाली चेतावनी

रायगढ़ : रायगढ़ जिला केघरघोड़ा क्षेत्र में चोरियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है. स्थानीय निवासियों के साथ-साथ अब भाजपा कार्यकर्ताओं ने भी चोरी की घटनाओं के बढ़ने और प्रशासन की निष्क्रियता को लेकर खुला विरोध जताया है. भाजपा मंडल अध्यक्ष सहनु पैकरा और जनपद अध्यक्ष सहोद्रा राठिया के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाना घरघोड़ा में पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा. कार्यकर्ताओं ने पुलिस और प्रशासन पर चोरी रोकने में नाकाम रहने का आरोप लगाते हुए चेतावनी दी कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो वे बड़े स्तर पर धरना-प्रदर्शन करेंगे. 
घरघोड़ा क्षेत्र में हाल के महीनों में चोरी की घटनाओं में तेजी आई है. स्थानीय लोग इस बढ़ती असुरक्षा से परेशान हैं. कार्यकर्ताओं का कहना है कि भाजपा सरकार में भी उनकी शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है. इससे जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं में असंतोष गहराता जा रहा है. 
पांच सूत्रीय मांगें…
थाना प्रभारी को सौंपे गए ज्ञापन में भाजपा कार्यकर्ताओं ने निम्नलिखित मांगें रखी 
1. चोरी की घटनाओं पर तुरंत रोक लगाई जाए.
2. क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए.
3. पीड़ितों को समय पर इंसाफ दिलाया जाए.
4. दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए.
5. स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया जाए.
भाजपा नेतृत्व पर सवाल….
रायगढ़ जिले में मंत्री, सांसद और जिला स्तर के भाजपा नेताओं की मौजूदगी के बावजूद मंडल स्तर के नेताओं का इस तरह का विरोध प्रदर्शन कई सवाल खड़े करता है. कार्यकर्ताओं का कहना है कि सरकार और पार्टी नेतृत्व उनकी समस्याओं को अनदेखा कर रही है. यह हालत न सिर्फ पार्टी अनुशासन बल्कि उसके सुशासन के दावे पर भी सवाल उठाती है.
कांग्रेस का अप्रत्यक्ष समर्थन?
इस विरोध प्रदर्शन के दौरान यह भी खबर सामने आई कि कांग्रेस के स्थानीय नेताओं ने इस आंदोलन को अप्रत्यक्ष रुप से समर्थन दिया है. हालांकि कांग्रेस ने इसे जनता के मुद्दों के प्रति समर्थन बताया है. लेकिन यह भाजपा के लिए राजनीतिक रुप से असहज स्थिति पैदा कर रहा है. 
भाजपा सरकार के लिए चुनौती…
भाजपा कार्यकर्ताओं का विरोध प्रदर्शन और चोरी की बढ़ती घटनाएं सरकार के लिए एक बड़ी चुनौती बन गई है. कार्यकर्ताओं की नाराजगी और प्रशासन की उदासीनता से जनता में सरकार के प्रति नकारात्मक संदेश जा रहा है. अब यह देखना होगा कि भाजपा नेतृत्व इन मांगों को पूरा करने और जनता को राहत देने के लिए क्या ठोस कदम उठाता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI