दवाई लेकर घर लौट रही युवती से छेड़छाड़, बाइक पर बैठाने का प्रयास, मना करने पर पेट में मारी लात, दो आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

A young woman returning home with medicine was molested, attempted to be forced onto a motorcycle, and was kicked in the stomach when she refused. Two accused were arrested and sent to jail.

दवाई लेकर घर लौट रही युवती से छेड़छाड़, बाइक पर बैठाने का प्रयास, मना करने पर पेट में मारी लात, दो आरोपी गिरफ्तार होकर पहुंचे जेल

दुर्ग : दुर्ग जिले के भिलाई सेक्टर-9 में महिला से छेड़छाड़ और मारपीट करने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोपियों ने एक्टिवा से घर जा रही युवती से छेड़छाड़ की थी. उसे जबरदस्ती बाइक पर बैठाने लगे थे. पुलिस ने 3 नवंबर को दोनों को गिरफ्तार कर लिया. पीड़िता के मुताबिक आरोपियों ने उसके बाल भी खींचे थे और पेट पर लात मारी थी. यह मामला भिलाई नगर थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता ने थाना भिलाई नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 2 नवंबर 2025 की रात करीब 8.15 बजे वह सेक्टर-9 स्थित भिलाई मेडिकल से दवाई लेकर अपने एक्टिवा से घर लौट रही थी. इसी दौरान सेक्टर-9 चौक के पास दो युवक स्लेंडर बाइक CG07 CL 4907 से उसका पीछा करने लगे. जब महिला ने खुद को बचाने के लिए गली में मुड़कर जाने की कोशिश की. तो दोनों युवकों ने उसकी गाड़ी के सामने बाइक रोक दी.
आरोप है कि दोनों ने महिला के साथ गाली-गलौज की. हाथ पकड़कर जबरदस्ती अपनी बाइक पर बैठाने की कोशिश की और छेड़खानी की. विरोध करने पर आरोपियों ने महिला के बाल खींचे. नाक, सिर, माथे और गाल पर मुक्के मारे और पेट में लात मारकर घायल कर दिया.
महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब एक आरोपी को लोगों ने पकड़ लिया, जबकि दूसरा भाग निकला. पकड़े गए युवक ने अपना नाम अनुराग कुम्हार बताया और अपने साथी का नाम चंद्रमणी तांडी बताया. दोनों आरोपियों की पहचान सेक्टर-9 निवासी चंद्रमणी तांडी उम्र 21 साल और सेक्टर-7 निवासी अनुराग कुम्हार उम्र 20 साल के रुप में हुई.
पीड़िता की शिकायत पर थाना भिलाई नगर पुलिस ने दोनों के खिलाफ जुर्म दर्ज कर कार्रवाई शुरु की. पुलिस टीम ने 3 नवंबर 2025 को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पूछताछ के बाद आरोपियों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t