आंधी-तूफान से दर्दनाक हादसा, ईंट गिरने से युवक की गई जान, ससुराल वालों ने पहले जताई हत्या की आशंका, बाद में पुलिस ने हादसे में मौत का किया खुलासा
A tragic accident caused by a storm killed a young man after being hit by a falling brick. In-laws initially suspected murder, but police later determined the death was an accident.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज आंधी-तूफान के दौरान एक दर्दनाक हादसा हो गया. जिसमें ईंट गिरने से एक युवक की मौत हो गई. घटना दीपका थाना क्षेत्र के बतारी गांव की है.
मिली जानकारी के मुताबिक उत्तम सिंह चौहान उम्र 35 साल अपने घर में मौजूद थे. तभी अचानक तेज आंधी शुरू हो गई. तेज आंधी की वजह से घर की छत (शीट) उड़ गई और दीवार का एक हिस्सा भी ढह गया. इसी दौरान मलबे में रखी एक ईंट टूटकर सीधे युवक के सीने पर गिर गई. जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
परिजनों ने उत्तम को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने इलाज शुरू किया. लेकिन गंभीर चोट की वजह से उसकी मौत हो गई. अस्पताल से मिली खबर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरु की. शुरुआत में परिजनों ने घटना को संदिग्ध मानते हुए हत्या की आशंका जताई थी. जिससे इलाके में चर्चा का माहौल बन गया. लेकिन पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना और आसपास के लोगों से पूछताछ की. जांच में साफ हुआ कि यह पूरी घटना तेज आंधी-तूफान की वजह से हादसा हुआ था.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी यह पुष्टि हुई कि मौत मलबे और ईंट से लगी गंभीर चोट की वजह से हुई है. आसपास के लोगों ने भी बताया कि आंधी इतनी तेज थी कि कई घरों की छतें और दीवारें प्रभावित हुई थीं. उत्तम सिंह चौहान शादी के बाद अपने ससुराल में रह रहे थे. लेकिन हाल ही में अपने पैतृक गांव बतारी आए हुए थे. उनके परिवार में पत्नी और एक बेटा है. घटना के बाद परिवार में शोक का माहौल है. पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच पूरी कर ली है, जबकि मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों में फिर से तेज आंधी-तूफान की संभावना जताई है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



