राजिम-फिंगेश्वर मार्ग पर चलती कार में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली कार, चालक ने कूदकर बचाई जान, अफरा-तफरी का माहौल, टला बड़ा हादसा

A moving car caught fire on the Rajim-Fingeshwar road, burning to ashes, the driver saved his life by jumping out, panic ensued, a major accident was averted.

राजिम-फिंगेश्वर मार्ग पर चलती कार में लगी भीषण आग, धू-धू कर जली कार, चालक ने कूदकर बचाई जान, अफरा-तफरी का माहौल, टला बड़ा हादसा

गरियाबंद : गरियाबंद जिले में उस वक्त अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब राजिम-फिंगेश्वर मुख्य मार्ग पर किरवाई स्थित पुजेरिन दाई मंदिर के पास एक चलती कार में अचानक भीषण आग लग गई। घटना इतनी तेजी से हुई कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार आग के गोले में तब्दील हो गई और देखते ही देखते जलकर पूरी तरह राख हो गई.
चश्मदीदों के मुताबिक कार सड़क पर सामान्य रुप से चल रही थी. तभी अचानक उसमें धुआं निकलना शुरू हुआ और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया. हालात की गंभीरता को भांपते हुए चालक ने तत्परता दिखाते हुए चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई. इस दौरान बड़ा हादसा टल गया और कोई जनहानि नहीं हुई.
हादसे के बाद मौके पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि आसपास के लोग भी सहम गए और कुछ देर के लिए सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित हो गया. लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश की. लेकिन आग इतनी भीषण थी कि कार को पूरी तरह अपनी चपेट में ले लिया.
खबर मिलते ही राजिम पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और हालात को कंट्रो;
 किया. पुलिस ने भीड़ को हटाकर यातायात बहाल कराया. फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है. हालांकि प्रारंभिक आशंका शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी की जताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और आसपास के लोगों से पूछताछ कर जानकारी इकठ्ठा की जा रही है.

ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB