90 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर जख्म लेकर पहुंची जनपद कार्यालय, परिजनों पर मारपीट और गर्म पानी डालने का आरोप, बोली- मुझे बचा लो, वीडियो वायरल

A 90-year-old woman arrived at the district office with severe injuries, alleging that her family members assaulted her and poured hot water on her; pleading "Save me," a video of the incident has gone viral.

90 वर्षीय बुजुर्ग महिला गंभीर जख्म लेकर पहुंची जनपद कार्यालय, परिजनों पर मारपीट और गर्म पानी डालने का आरोप, बोली- मुझे बचा लो, वीडियो वायरल

सूरजपुर : सूरजपुर।जिले के गणेशपुर गांव में मानवता को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है. यहां 90 साल की एक बुजुर्ग महिला ने अपने ही परिजनों पर प्रताड़ना और मारपीट के गंभीर आरोप लगाए हैं. बुजुर्ग महिला किसी तरह अपनी परेशानी लेकर जनपद कार्यालय पहुंची. जहां उसने अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई. बताया जा रहा है कि बुजुर्ग महिला की हालत देखकर अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लिया और फौरन उसे इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया. महिला के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं. उसकी पीठ पर गंभीर जलने के निशान बताए जा रहे हैं. जबकि आंख के ऊपर चोट लगने से खून भी निकल रहा था.
मिली जानकारी के मुताबिक गणेशपुर गांव निवासी बुजुर्ग महिला ने अधिकारियों को अपनी आपबीती सुनाते हुए परिजनों पर मारपीट करने और परेशान करने का आरोप लगाया. महिला ने कथित तौर पर बताया कि उसके साथ अमानवीय व्यवहार किया गया और गर्म पानी डालने से उसकी पीठ झुलस गई. बुजुर्ग महिला की हालत देखकर जनपद कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने पहले महिला को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल भेजा. ताकि उसकी चोटों का इलाज हो सके. इसके साथ ही मामले की खबर संबंधित थाना प्रभारी को भी दी गई.
पुलिस को दी गई जानकारी
अधिकारियों ने पुलिस से मामले में आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. अब पुलिस पूरे मामले की जांच करेगी और बुजुर्ग महिला द्वारा लगाए गए आरोपों की वास्तविकता का पता लगाया जाएगा. इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. जिसमें बुजुर्ग महिला अपनी परेशानी बताते हुए दिखाई दे रही है. वीडियो सामने आने के बाद लोगों में भी नाराजगी देखी जा रही है और आरोपी परिजनों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठ रही है.
जांच के बाद होगी स्थिति साफ
फिलहाल मामले में परिजनों पर लगाए गए आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस जांच के बाद ही यह साफ हो पाएगा कि घटना किन हालात में हुई और आरोपों में कितनी सच्चाई है. बुजुर्गों की सुरक्षा और देखभाल को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाए जाते हैं. लेकिन इस तरह के मामले परिवार और समाज की जिम्मेदारी पर सवाल खड़े करते हैं. प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कार्रवाई के संकेत दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?