BJP विधायक ईश्वर साहू के बेटे के खिलाफ FIR के बाद भी गिरफ्तार न करने पर आदिवासी समाज ने निकाली रैली, पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द नेताम ने भरी हुंकार
Tribal society took out a rally for not arresting BJP MLA Ishwar Sahu son even after FIR former cabinet minister Arvind Netam shouted
बेमेतरा : साजा विधानसभा के भाजपा विधायक ईश्वर साहू के बेटे कृष्णा साहू द्वारा आदिवासी युवक मनीष मंडावी से मारपीट का मामला गरमाता नजर आ रहा है. ईश्वर साहू के बेटे की गिरफ्तारी की मांग को लेकर आज बेमेतरा में बड़ी तादाद में आदिवासी समुदाय के लोगों ने एकत्रित होकर धरना प्रदर्शन किया गया.
आदिवासी समाज प्रमुखों ने कहा कि हम आदिवासियों का अपमान नहीं सहेंगे. विधायक के बेटे पर अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है. जब तक पुलिस द्वारा कार्रवाई नहीं की जाती है. हमारा प्रदर्शन और भी तेजी से जारी रहेगा.
इस प्रदर्शन में पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविन्द नेताम भी शामिल हुए. उन्होंने आदिवासी युवक मनीष मंडावी के साथ हुई घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा कि सरकार ऐसे मामले में गंभीर नहीं दिखती है. इस मामले में अगर इंसाफ नहीं मिलता है. तो यह बहुत ही फिक्र की बात है. आदिवासी समुदाय को उम्मीद थी कि प्रशासन इस मुद्दे में उचित कार्रवाई करेगी. लेकिन प्रशासन के लोग दलाली में लगे हुए हैं. जिससे हमें इंसाफ नहीं मिल पा रहा है. हमें मनाने की कोशिश की जा रही है. लेकिन हमें इंसाफ चाहिए.
अरविन्द नेताम ने इस मौके पर पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि कोंटा से लेकर बलरामपुर तक समाज को इकठ्ठा किया जा रहा है. अंबिकापुर में भी हमने इंसाफ की लडाई लड़ी और जीते भी. यहां भी समाज के साथ हैं और आगे ये लड़ाई जारी रहेगी. बता दें कि घटना वाले दिन के बाद से ही आदिवासी लगातार विधायक ईश्वर साहू के बेटे की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं.
पीड़ित के परिजनों पर बनाया माफ़ी मांगने का दबाव
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद हमें पुलिस वाले गुमराह करते हुए विधायक निवास ले गए थे और हम लोगों पर माफी के लिए दबाव बनाया गया. पहले से ही दस्तावेज तैयार कर राजीनामा के लिए दस्तखत कराने की कोशिश की गई. लेकिन हम कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. वही इस पूरे मामले पर पुलिस ने उल्टा हम लोगों पर लूट की धारा लगाकर कार्रवाई कर दी. और पीड़ित आदिवासी युवक को अंदर कर दिया गया है.
पीड़ित युवक पर लगे लूट का आरोप निरस्त करने की मांग
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन समझौता करने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. लेकिन आदिवासी समाज आरोपी कृष्णा साहू की गिरफ्तारी पर अड़ा हुआ है. समाज की मांग है कि जल्द से जल्द आरोपी की गिरफ्तारी हो और पीड़ित युवक पर लगाए गए लूट के आरोप को निरस्त करें.
भाजपा विधायक के बेटे के खिलाफ FIR दर्ज
दशहरा उत्सव के दौरान एक आदिवासी युवक के साथ गाली-गलौज और मारपीट के मामले में पुलिस ने भाजपा विधायक ईश्वर साहू के बेटे कृष्णा साहू और उसके साथियों के खिलाफ धारा 3-LCG, 115(2), 296, 3(5), 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज किया है. हालांकि पुलिस ने इस केस में अभी तक किसी की भी गिरफ्तारी नहीं की है.
इसके कुछ दिन बाद कृष्णा साहू के आवेदन पर पुलिस ने आदिवासी युवक मनीष मंडावी, ओमप्रकाश मंडावी, गोविंद मंडावी, तिलेश नेताम के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 309, 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर दिया. अब तक आरोपी कृष्णा साहू को सार्वजनिक रुप से गिरफ्तार नहीं किया गया है. यही वजह है कि समाज ने कृष्णा साहू के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग किया है.
समाज ने अपने ज्ञापन के माध्यम से 5 मांग रखी है, जिसमें आरोपी कृष्णा साहू व उसके साथी को अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत तत्काल गिरफ्तार किया जाए. पीड़ित मनीष मंडावी और उनके साथियों पर दुर्भावनापूर्वक फर्जी एफआईआर को निःशर्त निरस्त किया जाए. गोंड समाज अन्य तीन युवक पर दुर्भावनापूर्वक धारा 151 के तहत मुकदमा खत्म किया जाए. जांच को प्रभावित करने वाले साजा एसडीएम को हटाया जाए. साजा थाना प्रभारी चंद्रदेव वर्मा को हटाया जाए.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि यह घटना 13 अक्टूबर को साजा पुलिस थाना क्षेत्र के चेचानमेटा गांव में दशहरा उत्सव के दौरान हुई थी. घटना के बाद मंगलवार को कृष्णा साहू के खिलाफ मामला दर्ज किया गया. कृष्णा साहू विधायक ईश्वर साहू के बेटे हैं. जो भाजपा से साजा सीट का प्रतिनिधित्व करते हैं.
इस मामले को लेकर पीड़ित मनीष मंडावी उम्र 18 साल ने सोमवार को शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत में उसने आरोप लगाते हुए बताया कि जब वह एक विवाद को सुलझाने की कोशिश कर रहा था. तब कृष्णा साहू और उसके आठ-नौ दोस्तों ने उसके साथ न सिर्फ गाली-गलौज की बल्कि उसके साथ मारपीट भी की.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



