बेटे ने ईंट से मारकर पिता को उतारा मौत के घाट, फरार आरोपी अजय को पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

Son kills father by hitting him with a brick; absconding accused Ajay arrested by police within hours and sent to jail on judicial remand

बेटे ने ईंट से मारकर पिता को उतारा मौत के घाट, फरार आरोपी अजय को पुलिस ने चंद घंटों में किया गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा जेल

महासमुंद/सरायपाली : महासमुंद जिला के सरायपाली थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का चंद घंटों में खुलासा करते हुए फरार आरोपी बेटे को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है. आरोपी पर अपने ही पिता की ईंट से हमला कर हत्या करने का आरोप है.
मिली जानकारी के मुताबिक 18 मई 2026 को हरजीत चौहान की खबर पर ग्राम रिसेकेला निवासी जयलाल सागर उर्फ जयलाल चौहान उम्र 48 साल की संदिग्ध मौत पर मर्ग कायम कर जांच शुरू की गई. शव के मुआयना के दौरान मृतक के सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए. जिससे मामला कत्ल का मालूम हुआ.
जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि 17 मई 2026 की रात मृतक और उसके बेटे अजय सागर उर्फ अजय चौहान के बीच घरेलू विवाद हुआ था. विवाद बढ़ने पर आरोपी बेटे ने अपने पिता के साथ मारपीट की और घर की बाड़ी से ईंट उठाकर उनके सिर पर हमला कर दिया.
गंभीर चोट लगने से जयलाल चौहान लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े और बेहोश हो गए. वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. परिजनों द्वारा घायल हालत में जयलाल चौहान को सरकारी अस्पताल ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. 
मर्ग जांच और मिले सबूतों के आधार पर पुलिस ने पाया कि मृतक की मौत सिर पर ईंट से किए गए हमले की वजह से हुई. इसके बाद पुलिस ने धारा 103(1) बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की.
फरार आरोपी की लगातार तलाश के दौरान 18 मई 2026 की रात करीब 8 बजे मुखबिर से खबर मिलने पर पुलिस ने ग्राम बोदापाली में घेराबंदी कर आरोपी अजय चौहान को गिरफ्तार कर लिया. आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है.
गिरफ्तार आरोपी
अजय सागर ऊर्फ अजय चौहान पिता जयलाल चौहान उम्र 25 साल निवासी ग्राम रिसेकेला, थाना सरायपाली, जिला महासमुंद छत्तीसगढ़
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t