सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स कुरुद में छापामारी, अवैध रूप से पेट्रोलियम उत्पाद भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3100 लीटर डीजल जप्त, मचा हड़कंप

Raid at Sarveshwar Auto Fuels, Kurud; administration cracks down on illegal storage of petroleum products, seizes 3,100 liters of diesel, creates panic

सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स कुरुद में छापामारी, अवैध रूप से पेट्रोलियम उत्पाद भंडारण पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, 3100 लीटर डीजल जप्त, मचा हड़कंप

धमतरी : धमतरी जिले में अवैध तरीके से पेट्रोलियम उत्पादों के भंडारण पर नियंत्रण के लिए प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है. इसी कड़ी में बीते मंगलवार की शाम थाना प्रभारी कुरुद को प्राप्त शिकायत के आधार पर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद के निर्देश पर राजस्व और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम द्वारा कुरुद-धमतरी मार्ग स्थित सर्वेश्वर ऑटो फ्यूल्स, कुरुद में औचक निरीक्षण किया गया.
जांच के दौरान पेट्रोल पम्प के पीछे बने स्टोर रूम एवं परिसर में संदिग्ध रूप से डीजल का भंडारण पाया गया. निरीक्षण में 4 ड्रम पूरे भरे हुए, 2 ड्रम आधे भरे हुए, 32 खाली ड्रम और 2 मिनी टैंकर वाहनों में करीब 2100 लीटर डीजल पाया गया. इस तरह कुल करीब 3100 लीटर डीजल अवैध तरीके से संग्रहित होना शुरुआती जांच में सामने आया.
संयुक्त जांच दल द्वारा मौके पर ही उक्त पेट्रोलियम उत्पाद एवं संबंधित सामग्री को शुरुआती रूप से जब्त कर लिया गया. साथ ही, संपूर्ण प्रकरण का शुरुआती जांच प्रतिवेदन तैयार कर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) कुरुद को पेश किया गया. जिसके आधार पर जरुरी अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जा रही है.
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध भंडारण एवं परिवहन के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB