गांव को नशामुक्त बनाने रोजाना निकाल रही जनजागरूकता रैली, गुलाबी गैंग की महिलाओं ने कलेक्टर जनदर्शन में सौंपा ज्ञापन, एसपी ने दिया आश्वासन
Public awareness rallies are being held daily to make the village drug-free; women from the 'Gulabi Gang' submitted a memorandum during the Collector's public hearing, and the Superintendent of Police (SP) gave an assurance.
महासमुंद/सांकरा/भोकलूडीह : महासमुंद जिले में सांकरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम भोकलूडीह में अवैध महुआ शराब के खिलाफ महिलाओं का आक्रोश अब प्रशासनिक स्तर तक पहुंच गया है. गांव की गुलाबी गैंग से जुड़ी करीब 110 महिलाओं ने महासमुंद कलेक्टर के जनदर्शन में पहुंचकर आवेदन सौंपते हुए गांव में कथित रूप से बन रही और बिक रही अवैध महुआ शराब पर तत्काल रोक लगाने तथा प्रभावी कार्रवाई की मांग की. आवेदन पर संज्ञान लेते हुए पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार द्वारा जरुरी कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है.
गुलाबी गैंग की सदस्य तिलोत्तमा साहू, भूरीबाई, यशोदा, धनेश्वरी, निर्मला सहित अन्य महिलाओं ने बताया कि वे पिछले कई दिनों से गांव को नशामुक्त बनाने के संकल्प के साथ रोजाना जनजागरूकता रैली निकाल रही हैं। रैली के माध्यम से लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा रहा है और अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों को यह गतिविधि बंद करने की समझाइश भी दी जा रही है. इसके बावजूद स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हो पाया है.
समूह की महिलाओं का आरोप है कि गांव में लंबे समय से कुछ लोगों द्वारा अवैध कच्ची महुआ शराब का निर्माण और बिक्री की जा रही है. कई बार विरोध, समझाइश और शिकायत के बाद भी हालात नहीं बदले. महिलाओं का कहना है कि इस अवैध कारोबार का सबसे ज्यादा असर परिवारों और सामाजिक वातावरण पर पड़ रहा है.
समूह की महिलाओं के मुताबिक शराब के दुष्प्रभावों का सबसे ज्यादा असर महिलाओं और बच्चों को झेलना पड़ रहा है. उनका कहना है कि शाम होते ही गांव की गलियों में नशे में हुड़दंग की घटनाएं बढ़ जाती हैं. जिससे महिलाओं और युवतियों का बाहर निकलना कठिन होने लगा है.
महिलाओं ने चिंता जताई कि अगर जल्द नियंत्रण नहीं हुआ तो सामाजिक माहौल और प्रभावित हो सकता है. उनका यह भी कहना है कि नशे की प्रवृत्ति युवाओं के साथ बच्चों तक पहुंचने लगी है. महिलाओं ने आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि कई बार संपर्क और शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई. हालांकि उन्होंने पुलिस की समय-समय पर की जा रही कार्रवाई की सराहना करते हुए अवैध शराब पर स्थायी नियंत्रण की मांग की.
वहीं गुलाबी गैंग के संयोजक रामप्रसाद कलेत ने कहा कि सांकरा क्षेत्र में पुलिस द्वारा अवैध महुआ शराब के कारोबार पर कुछ हद तक नियंत्रण किया गया है. लेकिन भोकलूडीह, मेमरा और बल्दीडीह जैसे गांवों में कथित अवैध शराब बिक्री पर और प्रभावी कार्रवाई की जरुरत है. उन्होंने पुलिस प्रशासन से लगातार निगरानी और सख्त कार्रवाई की मांग की।महिलाओं ने साफ किया कि गांव को नशामुक्त बनाने का उनका अभियान आगे भी जारी रहेगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



