बेली डांस के दौरान नाइट क्लब में लगी आग, 25 लोगों की मौत, मैनेजर गिरफ्तार, मालिक की तलाश जारी, जांच के आदेश, मुआवजे का ऐलान
Nightclub catches fire during belly dance, 25 dead, manager arrested, search continues for owner, investigation ordered, compensation announced
गोवा/अरपोरा : गोवा में अरपोरा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में बेली डांस के दौरान आग लगने से कम से कम 25 लोगों की मौत हो गई. आग शनिवार आधी रात के आसपास लगी. ज्यादातर पीड़ित क्लब के कर्मचारी थे. इनमें 4 पर्यटक और क्लब के 14 कर्मचारी शामिल हैं. हालांकि मृतकों में कुछ और पर्यटक भी शामिल हो सकते हैं.
रात करीब 11:30 बजे क्लब में बेली डांस परफॉर्मेंस चल रही थी. माहौल को और रंगीन बनाने के लिए स्टाफ ने स्टेज पर ठंडी आतिशबाजी (कोल्ड पायरो) छोड़ी. लेकिन ये चिंगारियां छत पर लगे बांस, घास और दूसरे ज्वलनशील सजावटी सामान से टकरा गईं. देखते ही देखते धुआं फैलने लगा और कुछ ही मिनटों में पूरी छत जलने लगी.
नाइट क्लब में जैसे ही आग भड़की, बिजली गुल हो गई. चारों तरफ घना धुआं और अंधेरा छा गया. उस वक्त करीब 200 लोग क्लब में मौजूद थे. बाहर निकलने की होड़ में भगदड़ मच गई. लोग एक-दूसरे को धक्का दे रहे थे. कई लोग गिर पड़े. धुएं के कारण लोगों का सांस लेना मुश्किल हो गया था. कुछ लोगों ने जोरदार धमाकों की आवाज भी सुनी.
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने जांच के आदेश दिए हैं. इसी बीच गोवा पुलिस ने क्लब के मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं नाइट क्लब के मालिक के खिलाफ भी अरेस्ट वारंट जारी किया गया है और उसकी तलाश की जा रही है. पीएम मोदी ने मृतकों के लिए 2 लाख रुपये और घायलों के लिए 50 हजार रुपये के मुआवजे की घोषणा की.
सोशल मीडिया पर वीडियो में आपातकालीन सेवाएं घायलों की मदद के लिए कतार में खड़ी दिखाई दे रही हैं. जिनमें से कुछ को निकटवर्ती अस्पतालों में ले जाया गया. गोवा के मुख्यमंत्री डॉ. प्रमोद सावंत ने कहा, “मैं बहुत दुखी हूं और अकल्पनीय क्षति की इस घड़ी में सभी शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता हूं.”
गोवा के नाइट क्लब में शुक्रवार देर रात हुए भीषण आगजनी हादसे में झारखंड के तीन युवकों की मौत हो गई. इस हादसे में कुल 23 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है. मृतकों में रांची फतेहपुर के दो सगे भाई 24 वर्षीय प्रदीप महतो और 22 वर्षीय विनोद महतो, पिता धनेश्वर महतो और खूंटी जिले के कर्रा, गोविंदपुर निवासी 22 वर्षीय मोहित मुंडा, पिता एतवा मुंडा शामिल हैं.
घटना की खबर जैसे ही रांची के फतेहपुर और खूंटी के गोविंदपुर गांव पहुंची. पूरे इलाके में मातम पसर गया. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक भाइयों के पिता धनेश्वर महतो सहित पूरा परिवार गहरे सदमे में है. ग्रामीणों के अनुसार तीनों युवक बेहतर रोजगार की तलाश में गोवा गए थे.
हादसे की जानकारी मिलते ही गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हर संभव सरकारी सहायता देने का आश्वासन दिया.
राज्य के पुलिस प्रमुख ने संवाददाताओं को बताया कि हालात को कंट्रोल में लाने के लिए अधिकारी रात भर काम करते रहे और सभी शव बरामद कर लिए गए हैं. प्रधानमंत्री ने कहा कि यह घातक आग “बेहद दुखद” है. उन्होंने कहा कि उन्होंने गोवा के मुख्यमंत्री से बात की है और “राज्य सरकार प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता प्रदान कर रही है.”
सीएम डॉ. सावंत ने कहा कि उन्होंने घटनास्थल का दौरा करने के बाद यह पता लगाने के लिए “जांच के आदेश” दे दिए हैं कि क्या हुआ था. उन्होंने कहा, “जांच में आग लगने की असल वजह की जांच की जाएगी और यह भी देखा जाएगा कि अग्नि सुरक्षा मानदंडों और भवन निर्माण नियमों का पालन किया गया था या नहीं.”
सीएम ने कहा “जिम्मेदार पाए जाने वालों के खिलाफ कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाएगी. किसी भी लापरवाही से सख्ती से निपटा जाएगा. ”देश के पश्चिमी तट पर स्थित एक छोटा सा राज्य गोवा एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है. जो हर साल लाखों पर्यटकों को आकर्षित करता है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



