पोस्ट ऑफिस एजेंट का करोड़ों का खेल बेनकाब, 150 से ज्यादा खाताधारकों से ठगी, पासबुक में एंट्री लेकिन खाते में नहीं पहुंचा पैसा, आरोपी कृष्णकांत गिरफ्तार
Multi-crore scam by post office agent exposed; over 150 account holders defrauded. Entries were made in passbooks, but the money never reached the accounts; accused Krishnakant has been arrested.
जांजगीर-चांपा : छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी का बड़ा मामला सामने आया है. चांपा पुलिस ने पोस्ट ऑफिस एजेंट को गिरफ्तार कर 150 से ज्यादा खाताधारकों से की गई ठगी का खुलासा किया है. आरोपी लोगों से RD खाते में रकम जमा कराने के नाम पर पैसे वसूलता था. लेकिन राशि पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं करता था. शुरुआती जांच में एक करोड़ रुपये से ज्यादा की धोखाधड़ी सामने आने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरु कर दी है.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी कृष्णकांत गुप्ता अपनी मां के साथ चांपा पोस्ट ऑफिस में एजेंट के रूप में काम करता था. आरोपी लोगों से पोस्ट ऑफिस में हर महीने 3 हजार रुपये जमा कराने के नाम पर पैसे लेता था.
शिकायत के बाद मामले का हुआ खुलासा
मामले का खुलासा चांपा निवासी हेमंत कुमार देवांगन की शिकायत के बाद हुआ. शिकायत में बताया गया कि आरोपी ने 1 सितंबर 2022 से 12 फरवरी 2026 के बीच उनसे 1 लाख 21 हजार रुपये लिए. लेकिन वह रकम पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं की गई. हेमंत ने जब अपने खाते की जानकारी जांची तो गड़बड़ी सामने आई.
डायरी में एंट्री, लेकिन रकम नहीं जमा
पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी खाताधारकों की डायरी और पासबुक में रकम की एंट्री कर देता था. लेकिन वह रकम पोस्ट ऑफिस में जमा नहीं करता था. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 3 मोबाइल फोन, पासबुक और चेकबुक जब्त किया है. मामले में चांपा पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(5), 318(3) और 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



