धान खरीदी केन्द्रों में किसानों से अवैध वसूली, धरना प्रदर्शन और रैली आयोजित, अधिकारीयों को सौंपा ज्ञापन, जनवरी में बड़े आंदोलन की तैयारी

Illegal collection from farmers at paddy procurement centres, protests and rallies organised, memorandum submitted to officials, preparations for major agitation in January

धान खरीदी केन्द्रों में किसानों से अवैध वसूली, धरना प्रदर्शन और रैली आयोजित, अधिकारीयों को सौंपा ज्ञापन, जनवरी में बड़े आंदोलन की तैयारी

राजनांदगांव : राजनांदगांव जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में किसानों से हो रही अवैध वसूली के खिलाफ जिला किसान संघ के द्वारा शहर के जयस्तंभ चौक में धरना प्रदर्शन और रैली का आयोजन किया गया. यहां आयोजित किसान सभा में पहुंचे किसानों ने अपने-अपने क्षेत्र के धान खरीदी केंद्रों में हो रही अवैध वसूली के खिलाफ आवाज बुलंद की और एक रैली का आयोजन करते हुए विपणन संघ, एसडीएम एवं सहकारी बैंक को ज्ञापन सौंपा.
धान खरीदी केन्द्रों में अपने धान की उपज बेचने आने वाले किसानों से ट्रैक्टर से उनका धान उतारने के एवज में रुपए लिए जाते हैं. फिर इस धान को खरीदी होने वाली सरकारी बोरे में पलटने के लिए रुपए मांगे जाते हैं. इसके बाद किसानों से उनका धान तौलने के लिए भी रूपयों की मांग होती है और अंत में जब धान की बिक्री हो जाती है तो कुछ समिति प्रबंधकों के द्वारा भी किसानों से चाय-पानी के नाम पर रुपयों की अवैध वसूली की जाती है.
प्रदर्शन में पहुंचे किसानों ने बताया कि धान उतरने से लेकर तौलने तक करीब 14 प्रति बोरा देना पड़ता है. किसानों ने बताया कि अंजोरा सोसाइटी में एक क्विंटल धान बेचने के पीछे किसानों से 25 रुपये अनलोडिंग और तौलाई के नाम पर लिया जाता है. वहीं कन्हारपुरी सोसाइटी में 7 रुपए प्रति बोरा, रानी तराई और सुरगी सोसाइटी में 8 रुपये प्रति बोरा, गठुला सोसाइटी में 11 प्रति बोरा लिया जा रहा है.
प्रदेश किसान संघ के संयोजक सुदेश टीकम ने इस प्रदर्शन को लेकर कहा कि अपनी 12 सूत्रीय मांगों के तहत पहले ही शासन-प्रशासन को ज्ञापन दिया जा चुका है. उन्होंने कहा कि आज के प्रदर्शन की प्रमुख मांग है कि धान खरीदी केन्द्रों में अनलोडिंग और पलटी के नाम से अवैध वसूली हो रही है. जिसे रोका नहीं जा रहा है. उन्होंने कहा कि प्रशासन के द्वारा ध्यान नहीं दिए जाने से किसानों से अवैध वसूली जारी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t