भारतमाला हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर ने पिकअप को मारी सीधी टक्कर, विधायक के नाती सहित दो युवकों की दर्दनाक मौत, 3 गंभीर, ड्राइवर फरार

Horrific road accident on the Bharatmala Highway: a trailer truck rammed head-on into a pickup vehicle, resulting in the tragic deaths of two young men—including an MLA's grandson—and leaving three others critically injured; the driver is absconding.

भारतमाला हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर ने पिकअप को मारी सीधी टक्कर, विधायक के नाती सहित दो युवकों की दर्दनाक मौत, 3 गंभीर, ड्राइवर फरार

कोरबा : भारतमाला राजमार्ग पर शनिवार देर रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. कोरबा जिले से जामुन लेकर बिलासपुर मंडी जा रही एक पिकअप गाड़ी को तेज रफ्तार ट्रेलर ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी. इस भीषण हादसे में रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती समेत दो युवकों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. यह हादसा जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के मुड़ाभाठा के पास हुआ.
​देर रात हुआ हादसा, परखच्चे उड़े
​मिली जानकारी के मुताबिक रात करीब 12 बजे जांजगीर-चांपा जिले के बलौदा थाना क्षेत्र के मुड़ाभाठा के पास कोरबा जिले से जामुन लेकर बिलासपुर मंडी जा रही एक पिकअप को सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने अचानक टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप वाहन का केबिन पूरी तरह पिचक गया और गाड़ी के परखच्चे उड़ गए. चीख-पुकार सुनकर स्थानीय ग्रामीण और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद वाहन में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया.
​एक ही परिवार के दो युवकों की गई जान
​हादसे में जान गंवाने वाले दोनों युवक एक ही परिवार से ताल्लुक रखते थे. मृतकों की पहचान रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के नाती मंजीत कुमार राठिया उम्र 23 साल और उनके रिश्तेदार मुकेश राठिया उम्र 24 साल के रूप में हुई है. मंजीत, विधायक के बड़े भाई चमार राठिया की बेटी के बेटे थे.
​घायलों की हालत नाजुक, बिलासपुर रेफर
​इस हादसे में तीन अन्य युवक बुरी तरह जख्मी हुए हैं. जिनके नाम ​दिनेश कुमार उम्र 25 साल, ​कपूर राठिया उम्र 30 साल और ​अजीत राठिया उम्र 25 साल हैं. ​सभी घायलों को पहले करतला स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था. लेकिन डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बिलासपुर रेफर कर दिया. फिलहाल उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
​क्षेत्र में शोक की लहर, आरोपी चालक फरार
​घटना की खबर मिलते ही विधायक फूलसिंह राठिया परिजनों के साथ मौके पर पहुंचे. पोस्टमार्टम के बाद दोनों शवों को उनके गृह ग्राम केरवाद्वारी लाया गया. जहां गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और क्षेत्रवासी शामिल हुए.
​इधर हादसे के बाद आरोपी ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया. बलौदा थाना पुलिस ने ट्रेलर को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है.
मृतक
मंजीत कुमार राठिया उम्र 23 साल- ये रामपुर विधायक फूलसिंह राठिया के बड़े भाई चमार राठिया की बेटी के सुपुत्र (नाती) थे.
मुकेश राठिया उम्र 24 साल ये मृतक मंजीत के चचेरे/ममेरे भाई और विधायक परिवार के करीबी रिश्तेदार थे.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t