स्वतंत्रता दिवस से पहले तीन टुकड़ों में गांधी जी की प्रतिमा, कोपरा में मचा हड़कंप, नगरवासियों में आक्रोश, जांच और जिम्मेदारी तय करने की उठाई मांग

Gandhi statue found in three pieces ahead of Independence Day; stir in Kopra; public outrage; demands raised for an investigation and accountability.

स्वतंत्रता दिवस से पहले तीन टुकड़ों में गांधी जी की प्रतिमा, कोपरा में मचा हड़कंप, नगरवासियों में आक्रोश, जांच और जिम्मेदारी तय करने की उठाई मांग

गरियाबंद : स्वतंत्रता दिवस से ठीक दो दिन पहले नगर पंचायत कोपरा के गांधी चौक में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा तीन टुकड़ों में टूटकर बिखर गई. घटना की जानकारी सामने आते ही पूरे नगर में मायूसी और नाराजगी का माहौल बन गया. जिस गांधी चौक पर हर राष्ट्रीय पर्व पर श्रद्धा के साथ माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को नमन किया जाता है. वहीं प्रतिमा के इस तरह क्षतिग्रस्त होने से नगरवासियों की भावनाएं आहत हुई हैं.
बताया जा रहा है कि 15 अगस्त स्वतंत्रता दिवस को लेकर गांधी चौक के आसपास साफ-सफाई और अन्य तैयारियां चल रही थीं. इसी दौरान बरगद के पेड़ की बढ़ी हुई शाखाओं की छंटाई का काम किया जा रहा था. इस काम में नगर पंचायत कोपरा और बिजली विभाग कोपरा के कर्मचारी मौजूद थे. इसी दौरान महात्मा गांधी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त होकर तीन टुकड़ों में टूट गई.
घटना के बाद नगरवासियों ने काम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर सवाल खड़े किए हैं. लोगों का कहना है कि पेड़ की शाखाओं की छंटाई या विद्युत लाइन से संबंधित कार्य के दौरान आसपास मौजूद महत्वपूर्ण स्मारकों और प्रतिमाओं की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए था. पर्याप्त सावधानी और संसाधनों के अभाव में यह हादसा हुआ या किसी अन्य कारण से प्रतिमा क्षतिग्रस्त हुई. इसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है.
नगरवासियों ने मांग किया है कि पूरे मामले की जांच कर यह स्पष्ट किया जाए कि प्रतिमा किन हालात में टूटी और काम के दौरान सुरक्षा के लिए क्या इंतजाम किए गए थे. साथ ही जिम्मेदारी तय कर दोषी पाए जाने वाले अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
इस बारे में सीएमओ श्याम लाल वर्मा ने बताया कि विद्युत विभाग द्वारा लाइन शिफ्टिंग का काम किया जा रहा था. इसी दौरान यह हादसा हुआ और गांधी जी की प्रतिमा क्षतिग्रस्त हो गई.
वहीं विद्युत विभाग के एई धर्मेंद्र साहू ने अलग जानकारी देते हुए बताया कि लाइन शिफ्टिंग के काम के लिए कोई आदेश जारी नहीं हुआ था. उन्होंने गांधी जी की प्रतिमा खंडित होने की जानकारी होने से भी इंकार किया है. अधिकारियों के बयानों में सामने आए इस अंतर के बाद मामले की स्थिति और जिम्मेदारी को लेकर सवाल और गहरा गए हैं.
गांधी चौक की प्रतिमा नगर की पहचान और राष्ट्रीय भावना से जुड़ी रही है. स्वतंत्रता दिवस समेत विभिन्न राष्ट्रीय पर्वों पर यहां जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और नगरवासियों द्वारा माल्यार्पण कर राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी जाती है. ऐसे समय में प्रतिमा का तीन टुकड़ों में टूट जाना नगरवासियों के लिए बेहद दुखद है.
लोगों की मांग है कि स्वतंत्रता दिवस को देखते हुए प्रशासन तत्काल पहल करे और क्षतिग्रस्त प्रतिमा के पुनर्निर्माण या नई प्रतिमा की सम्मानपूर्वक स्थापना की व्यवस्था सुनिश्चित करे. नगरवासियों का कहना है कि गांधी जी की प्रतिमा सिर्फ एक प्रतिमा नहीं, बल्कि देश के स्वतंत्रता आंदोलन, अहिंसा और राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक है.
फिलहाल घटना के बाद नगर पंचायत और संबंधित विभागों की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं. स्वतंत्रता दिवस से ठीक पहले हुई इस घटना ने कोपरा नगर में चर्चा और नाराजगी बढ़ा दी है. अब नगरवासियों की नजर प्रशासन की जांच और आगामी कार्रवाई पर टिकी है. लोगों को उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारी तय की जाएगी और गांधी चौक पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को जल्द सम्मानपूर्वक पुनः स्थापित किया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?