मॉर्निंग वॉक के दौरान कांग्रेसी नेता पर हमले की साजिश का मुख्य फरार आरोपी दीपक तिवारी गिरफ्तार, पुलिस से बचने भागा नेपाल, मोबाइल फोन जब्त

Deepak Tiwari, the absconding prime accused in the plot to attack a Congress leader during a morning walk, has been arrested; he had fled to Nepal to evade the police, and his mobile phone has been seized.

मॉर्निंग वॉक के दौरान कांग्रेसी नेता पर हमले की साजिश का मुख्य फरार आरोपी दीपक तिवारी गिरफ्तार, पुलिस से बचने भागा नेपाल, मोबाइल फोन जब्त

बिलासपुर : कांग्रेस नेता पर हमले के मामले में फरार चल रहे मुख्य आरोपी को तारबाहर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी दीपक तिवारी उम्र 29 साल गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया था. कई दिनों तक फरार रहने के बाद वह पुलिस की तकनीकी निगरानी में आया, जिसके बाद टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. आरोपी गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के गौरेला थाना क्षेत्र के पटेराटोला का रहने वाला है
मॉर्निंग वॉक के दौरान हुआ था हमला
पुलिस के अनुसार घटना 4 जुलाई 2026 की सुबह की है. प्रार्थी शिशिर कश्यप ने तारबाहर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि उनके पिता सुबह करीब 6:45 बजे मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे. रेलवे अस्पताल के पास पहुंचने के दौरान तीन अज्ञात लोग वहां पहुंचे. तीनों ने चेहरे पर कपड़ा बांध रखा था और उनके हाथ में डंडे और नुकीली वस्तु थी. उन्होंने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी और मारपीट की. इसके बाद शिशिर कश्यप की रिपोर्ट पर तारबाहर थाने में अपराध क्रमांक 221/2026 दर्ज कर जांच शुरू की गई.
CCTV फुटेज से मिला सुराग
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. फुटेज में संदिग्धों की गतिविधियों के अलावा घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल की पहचान करने में भी पुलिस को मदद मिली. इसके बाद तकनीकी सबूतों के आधार पर संदिग्धों के बारे में जानकारी जुटाई गई.
पुलिस ने मामले में पहले ही नितिन टेकाम, एक विधि से संघर्षरत बालक, आंचल साहिल और नवीन पटेल को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया था. वहीं मुख्य आरोपी दीपक तिवारी लगातार पुलिस की गिरफ्त से बाहर था.
गिरफ्तारी से बचने नेपाल पहुंचा आरोपी
पुलिस के मुताबिक दीपक तिवारी की तलाश में तारबाहर पुलिस और साइबर टीम लगातार तकनीकी जानकारी जुटा रही थी. उसके संभावित ठिकानों पर निगरानी रखने के साथ पुलिस टीमों ने कई जगह दबिश भी दी. इसी दौरान जानकारी मिली कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए नेपाल चला गया था. तकनीकी सबूतों से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस ने उसकी गतिविधियों पर नजर रखी और संभावित ठिकाने की घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक मोबाइल फोन भी जब्त किया है,
न्यायिक रिमांड पर भेजा गया
पुलिस ने आरोपी दीपक तिवारी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद अदालत में पेश किया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. मामले में तारबाहर पुलिस और साइबर टीम आगे की जांच कर रही है. पुलिस ने इस मामले में धारा 296, 351(3), 115(2), 3(5), 61(2), 109 और 55 बीएनएस के तहत जुर्म दर्ज किया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?