ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा के सबसे बड़े सिंडिकेट का पर्दाफाश, करन चौधरी का नेटवर्क ध्वस्त, तीन आरोपी गिरफ्तार, एक करोड़ से अधिक नकदी बरामद
Biggest online cricket betting syndicate busted, Karan Chaudhary's network dismantled, three accused arrested, over Rs 1 crore in cash recovered
रायगढ़ : छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा केस में मास्टरमाइंड सहित 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. मास्टरमाइंड सट्टे की कमाई को अलग-अलग कारोबारियों के यहां छिपाकर रखता. फिर उसे हवाला चैनल के जरिए आगे ट्रांसफर करता था.
वहीं, गिरफ्तार बाप-बेटे सट्टे से मिले ब्लैक मनी को व्हाइट मनी में बदलते थे. पुलिस ने उनके पास से 1 करोड़ 2 लाख 81 हजार 300 रुपए कैश, एक नोट गिनने की मशीन, 4 मोबाइल फोन और अन्य सामान जब्त किया है. कुल मिलाकर पुलिस ने करीब 1 करोड़ 3 लाख 86 हजार 300 रुपए की संपत्ति जब्त की है.
वहीं इस मामले पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने लिखा कि तस्वीरों में दिख रहा RSS का ‘सट्टा स्वयंसेवक’ करन चौधरी है. प्रदेश के वित्त मंत्री ओ.पी चौधरी का बेहद खास ये ‘सट्टा स्वयंसेवक’ उनके साथ ‘खाते-खिलाते’ हुए और छत्तीसगढ़ ‘संवारते’ हुए नजर आ रहा है. इसकी पहुंच सीधे मुख्यमंत्री तक भी है.
मिली जानकारी के मुताबिक 26 अप्रैल को साइबर सेल, कोतवाली पुलिस और घरघोड़ा थाना की संयुक्त टीम ने शहर और घरघोड़ा क्षेत्र में ऑनलाइन IPL सट्टा नेटवर्क पर एक साथ दबिश दी.
इस कार्रवाई में पुलिस ने कई लोगों को गिरफ्तार किया. जिनमें सोनू देवांगन (उम्र 21 साल), हर्षित देवांगन (उम्र 24 साल), भरत गोयल (उम्र 22 साल), गौतम भोजवानी (उम्र 26 साल), लक्ष्मीनारायण सिदार (उम्र 28 साल) और सागर गुप्ता (उम्र 27 साल) शामिल हैं. सभी आरोपी अलग-अलग इलाकों के रहने वाले हैं और ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़े हुए थे.
करन चौधरी सट्टा नेटवर्क का मास्टरमाइंड
रायगढ़ पुलिस ने बताया कि आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन और कैश जब्त की गई थी. पूछताछ में आरोपियों ने खुलासा किया कि पूरा सट्टा नेटवर्क रायगढ़ के करन चौधरी (उम्र 29 साल) और जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार के इशारे पर चल रहा था.
इसके बाद पुलिस ने तकनीकी जांच, कॉल डिटेल, चैट रिकॉर्ड और पैसों के लेन-देन की जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि करन चौधरी लंबे समय से रायगढ़, सक्ती, रायपुर, बिलासपुर से लेकर दिल्ली तक फैले ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा नेटवर्क को चला रहा था.
सट्टे से कमाए गए पैसों को वह सीधे अपने पास नहीं रखता था. बल्कि उन्हें परिचित कारोबारियों, पेट्रोल पंप, मेडिकल स्टोर और अन्य व्यापारिक चैनलों के जरिए कैश छिपाकर जमा करता था. बाद में यह पैसा हवाला चैनल के जरिए आगे ट्रांसफर किया जाता था.
बाप-बेटा ब्लैक मनी को व्हाइट मनी करते थे
पूछताछ में यह भी पता चला कि कृष्ण प्राइड टावर में रहने वाले पुष्कर अग्रवाल (उम्र 26 साल) और उसके पिता सुनील अग्रवाल (उम्र 58 साल) इस पूरे मनी मूवमेंट नेटवर्क का अहम हिस्से थे. ये लोग सट्टे से कमाए गए ब्लैक मनी को हवाला के जरिए व्हाइट करने का काम कर रहे थे.
पुलिस ने करन चौधरी को गिरफ्तार करने के बाद कृष्ण प्राइड टावर के फ्लैट में छापा मारा. छापे के दौरान सुनील अग्रवाल के पास से 50 लाख कैश, एक नोट गिनने की मशीन और मोबाइल फोन बरामद हुए. वहीं पुष्कर अग्रवाल के पास से 52 लाख 60 हजार कैश और 2 मोबाइल फोन जब्त किए गए.
कर्मचारियों और परिचितों के खाते इस्तेमाल करते
पुलिस के मुताबिक पहले करन चौधरी के पास से कैश और मोबाइल फोन जब्त किए गए थे. बाद में इलेक्ट्रॉनिक डेटा, चैट रिकॉर्ड, यूपीआई लेनदेन और वित्तीय दस्तावेजों की जांच में यह साफ हुआ कि यह केवल सट्टेबाजी नहीं. बल्कि एक संगठित आर्थिक अपराध सिंडिकेट के रूप में चला रहे थे.
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी अपने खुद के बैंक खाते या मोबाइल नंबर का इस्तेमाल नहीं करते थे. वे अपने कर्मचारियों, परिचितों और सहयोगियों के खाते और नंबरों का इस्तेमाल करते थे. ताकि पुलिस और जांच एजेंसियों से बच सकें.
करन का आपराधिक रिकॉर्ड
करन चौधरी के खिलाफ पहले भी थाना कोतवाली और थाना चक्रधरनगर में जुआ और सट्टा से जुड़े 4 मामले दर्ज है. इसके अलावा थाना कोतवाली में उस पर मारपीट, रंगदारी, आत्महत्या के लिए उकसाने, अपहरण और अन्य गंभीर आपराधिक मामलों के आरोप भी दर्ज बताए जाते हैं.
उनके आपराधिक व्यवहार को देखते हुए उन्हें आदतन बदमाश मानते हुए पहले भी धारा 110 CRPC और धारा 107 और 116(3) CRPC के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा चुकी है.
फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा की तलाश जारी
ऑनलाइन क्रिकेट सट्टा मामले में फरार आरोपी जसमीत सिंह बग्गा उर्फ गुड्डा सरदार इस सिंडिकेट का हिस्सा है. वह आरोपी करन के साथ मिलकर सक्ती, खरसिया, रायगढ़ और रायपुर में ऑनलाइन जुआ चलाता था. उसकी गिरफ्तारी से मामले से जुड़ी कई अहम जानकारियां मिलने की संभावना है. जिससे अन्य आरोपियों को भी पकड़ा जा सकता है.
गिरफ्तार आरोपी
1. करन चौधरी उर्फ करन अग्रवाल पिता संजय चौधरी उम्र 29 साल निवासी श्याम नगर, ढिमरापुर चौक, रायगढ़
2. पुष्कर अग्रवाल पिता सुनील अग्रवाल 26 साल निवासी फ्लैट नं 505 कृष्ण प्राइड टावर, रायगढ़
3. सुनील कुमार अग्रवाल पिता स्व. सूरजभान 58 निवासी फ्लैट नं 505 कृष्ण प्राइड टावर, रायगढ़
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



