कर्ज चुकाने के लिए आस्था पर हमला, एक रात में 3 मंदिरों में चोरी, 1 नाबालिग समेत 4 आरोपी गिरफ्तार, 16 लाख 60 हजार के मुकुट और जेवरात बरामद
Attack on faith to repay debt: Thefts at three temples in a single night; four accused, including one minor, arrested; crowns and jewelry worth ₹16.60 lakh recovered.
जांजगीर-चांपा : जिले में एक ही रात तीन मंदिरों में हुई चोरी का पुलिस ने करीब 16 लाख 60 हजार रुपये की चोरी खुलासा किया है. मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक नाबालिग भी शामिल है. पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के सोने-चांदी के जेवर भी बरामद किए हैं. सभी आरोपी घुठिया गांव के रहने वाले हैं.
कटर मशीन से तोड़ा ताला, कीमती जेवर किए चोरी
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपियों ने आधुनिक कटर मशीन की मदद से मंदिरों के ताले काटे और चोरी की वारदात को अंजाम दिया. इसके बाद चोरी के सभी सामान को बोरी में भरकर एक सूखे सेप्टिक टैंक में छिपा दिया था.
एक रात, तीन मंदिरों में चोरी
1 अगस्त की रात बम्हनीडीह थाना क्षेत्र के राम जानकी मंदिर, नवागढ़ थाना क्षेत्र के जगमहंत स्थित बद्री विशाल मंदिर और महंत गांव के चंडी दाई मंदिर में सोने-चांदी के आभूषण चोरी हो गए थे. एक ही रात में तीन मंदिरों में एक जैसी वारदात होने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए थे.
100 से ज्यादा CCTV खंगालकर पुलिस ने सुलझाया मामला
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर साइबर टीम समेत कई टीमों का गठन किया गया. जांच के दौरान 100 से ज्यादा CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई और संदिग्धों के मोबाइल टावर लोकेशन की जांच की गई. इसी आधार पर पुलिस घुठिया गांव के प्रशांत पटेल तक पहुंची. पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हो गया.
कर्ज से परेशान थे आरोपी
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे भारी कर्ज में डूबे हुए थे. मुख्य आरोपी प्रशांत पटेल ने दो ट्रैक्टर खरीदे थे, जिस पर करीब 20 लाख रुपये का कर्ज था. प्रभात पटेल पर भी उधारी थी, जबकि परमानंद पटेल ने किस्तों पर 50 हजार रुपये का मोबाइल खरीदा था. जल्दी कर्ज चुकाने के लिए उन्होंने मंदिरों में चोरी की योजना बनाई.
पहले की रेकी, फिर तीन मंदिरों में वारदात
आरोपियों ने पहले मंदिरों की रेकी की और यह देखा कि वहां सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं. इसके बाद उन्होंने एक-एक कर तीनों मंदिरों के ताले काटे और जेवर चोरी कर लिए. पुलिस ने उनकी निशानदेही पर सूखे सेप्टिक टैंक से चोरी का सामान बरामद कर लिया.
एक आरोपी पर नकली नोट छापने का भी शक
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में प्रशांत पटेल, प्रभात पटेल, परमानंद पटेल और एक नाबालिग शामिल है. इनमें से एक आरोपी पर नकली नोट छापने का भी शक है, जिसकी अलग से जांच की जा रही है.
मंदिरों की सुरक्षा बढ़ाने की अपील
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि कई मंदिरों में कीमती जेवर से सजी मूर्तियां हैं, लेकिन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं हैं. इसे देखते हुए पुलिस मंदिर प्रबंधन और अन्य संस्थानों को CCTV कैमरे लगाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए जागरूक कर रही है.
आरोपी
0 प्रशांत पटेल पिता अशोक पटेल, उम्र 23 साल निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
0 प्रभात पटेल पिता अशोक पटेल, उम्र 18 साल 2 माह, निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
0 परमानंद पटेल पिता बंशीलाल पटेल, उम्र 25 साल निवासी घुटिया, थाना पामगढ़
0 एक नाबालिग भी शामिल
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



