युवक की बेरहमी से हत्या, हत्यारों से बचने भागता रहा, दौड़ा-दौड़ाकर मारा, खून से सने पैरों के निशान मिले, कांग्रेस बोली-शाह के जाते मर्डर
A young man was brutally murdered; he ran to escape his killers, was chased and killed, and bloody footprints were found. Congress claimed that he was murdered while Shah was leaving.
जगदलपुर : बस्तर मुख्यालय जगदलपुर में शनिवार देर रात एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई. जिसने पूरे शहर को दहला दिया। सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र के तहसील कार्यालय के पास अज्ञात हमलावरों ने एक युवक की धारदार हथियार से बेरहमी से हत्या कर दी. घटना स्थल पर खून से सने पैरों के निशान इस बात की गवाही दे रहे हैं कि युवक ने पूरी ताकत से अपनी जान बचाने की कोशिश की. लेकिन हमलावरों की गिरफ्त से नहीं बच सका. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है. मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है.
मिली जानकारी के मुताबिक शनिवार की रात ऑटो चालक करण बघेल उम्र 24 से 30 साल निवासी रेलवे कॉलोनी अपने घर से टहलने निकला था और मां दंतेश्वरी मंदिर के पास कुछ अज्ञात युवकों से उसकी बहस हो गई. कहा जा रहा है कि मामूली बात पर शुरु हुआ विवाद कुछ ही मिनटों में हिंसा में बदल गया. हमलावरों ने पहले करण पर लात-घूंसों से हमला किया और फिर धारदार हथियार से वार कर दिया. करीबियों ने बताया कि करण ने घायल हालत में वहां से भागने की कोशिश की. लेकिन खून बहने की वजह से ज्यादा दूर नहीं जा सका. तहसील कार्यालय के आसपास खून से सने पैरों के निशान यह साबित करते हैं कि उसने आखिरी सांस तक अपनी जान बचाने का प्रयास किया.
हमले के बाद आरोपी शव को तहसील कार्यालय के पास छोड़कर फरार हो गए. देर रात स्थानीय लोगों ने जब सड़क किनारे लाश पड़ी देखी। तो पुलिस को खबर दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी भोला सिंह राजपूत ने बताया कि “फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से सबूत इकट्ठा किए गए हैं. आसपास के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है. जल्द ही अपराधियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.”
इस खुनी वारदात के बाद कांग्रेस ने इस हत्याकांड को लेकर राज्य सरकार और गृह विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं. कांग्रेस प्रवक्ता जावेद खान ने कहा- “केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के कार्यक्रम के चंद किलोमीटर दूर यह वारदात होना दर्शाता है कि प्रदेश में कानून व्यवस्था नाम की कोई चीज नहीं बची है. मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और गृह मंत्री विजय शर्मा दोनों प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था संभालने में नाकाम हैं.
कत्ल की खबर फैलते ही आसपास के इलाके में दहशत का माहौल बन गया. कई लोग रात भर घटनास्थल के पास जुटे रहे. पुलिस ने पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर दी. और संदिग्धों की तलाश में दबिश दी जा रही है. बताया जा रहा है कि पुलिस ने कुछ संदिग्ध युवकों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है. साथ ही आसपास के होटलों और दुकानों के CCTV फुटेज से सुराग मिलने की उम्मीद है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.
इस वारदात ने एक बार फिर प्रदेश में बढ़ते जुर्म और पुलिस गश्त की स्थिति पर सवाल खड़े कर दिए हैं. खास बात यह है कि यह हत्या उस समय हुई. जब प्रदेश में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह मौजूद थे. और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए थे. बावजूद इसके, शहर के मध्य में ऐसी जघन्य हत्या होना सुरक्षा तंत्र की गंभीर विफलता मानी जा रही है. फिलहाल पुलिस पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है. ताकि हत्या में इस्तेमाल हथियार, वार की गहराई और हमलावरों की मंशा को साफ किया जा सके. प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि हमलावर तीन से चार की संख्या में थे और सभी स्थानीय हो सकते हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



