धारदार हथियार से युवक पर हमला, इलाज के दौरान मौत, सेमरा गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार, तलाश जारी

A young man was attacked with a sharp weapon, died during treatment, and panic and anger gripped Semra village. Three suspects were arrested, two were absconding, and a search is underway.

धारदार हथियार से युवक पर हमला, इलाज के दौरान मौत, सेमरा गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल, तीन आरोपी गिरफ्तार, दो फरार, तलाश जारी

धमतरी : धमतरी जिले के कुरुद थाना क्षेत्र के ग्राम सेमरा (बी) में शनिवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां गाली-गलौज का विरोध करने पर एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. धारदार हथियार से हुए हमले में गंभीर रुप से घायल रोहित नाग ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस घटना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल फैल गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक कांकेर जिले के ठेलकाबोड़ का निवासी मृतक रोहित नाग उम्र 23 साल अपनी मौसी के घर आया था. वह घर के निर्माण कार्य और धान की फसल से जुड़े कामों में हाथ बंटा रहा था. घटना वाले दिन सुबह वह अपने मौसी के लड़के के साथ कुरुद मंडी गया था. रात को घर लौटने के बाद वह परिवार के साथ भोजन कर रहा था, तभी घर के बाहर कुछ युवकों द्वारा गाली-गलौज की आवाजें सुनाई दीं. रोहित ने शोर को शांत कराने के मकसद से बाहर जाकर उन्हें समझाने की कोशिश की. लेकिन बात बढ़कर विवाद में बदल गई.
चश्मदीद यादराम ढीमर ने बताया कि दो मोटरसाइकिलों पर सवार करीब पांच युवक वहां आए थे. उन्होंने रोहित के साथ बहस शुरु की और देखते ही देखते मारपीट पर उतर आए. इसी दौरान हमलावरों ने धारदार हथियार से रोहित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमला इतना अचानक और तेज था कि परिजन और आसपास के लोग कुछ समझ पाते उससे पहले हमलावरों ने पिस्टल निकालकर सभी को डराने की कोशिश की. ताकि कोई बीच-बचाव ना कर सके. गंभीर रुप से घायल रोहित को आनन-फानन में धमतरी के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया. जहां डॉक्टरों ने उसे बचाने की भरसक कोशिश की. लेकिन उसकी हालत नाजुक बनी रही और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई.
घटना की पुष्टि होते ही गांव में शोक के साथ-साथ गुस्सा भी फैल गया है. ग्रामीणों ने इस घटना को गांव में बढ़ती बाहरी गतिविधियों और असामाजिक तत्वों की बढ़ती आवाजाही का परिणाम बताया. पुलिस ने शव का पंचनामा कर लिया है और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया.
धमतरी पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई. लगातार घटनाओं से अलर्ट हुई पुलिस ने तीन मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। जबकि दो की तलाश जारी है. जांच में सामने आया है कि सभी आरोपी नशे की हालत में दहशत फैला रहे थे.
पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल लोकेशन और चश्मदीदों के बयान के आधार पर बाकी आरोपियों के जल्द ही गिरफ्त में आने की उम्मीद है.
वहीं, गांव में सुरक्षा बढ़ाने के लिए पुलिस ने पेट्रोलिंग भी तेज कर दी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने गांव पहुंचकर लोगों को आश्वासन दिया कि आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी तरह की लापरवाही नहीं बरती जाएगी. यह घटना न सिर्फ एक परिवार के लिए गहरा सदमा है, बल्कि पूरे क्षेत्र में कानून-व्यवस्था और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण की जरुरत को भी उजागर करती है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t