मछली पकड़ने जाल फेंकते गहरी नदी में गिरे पिता, पानी में डूबते देख बेटे ने भी लगाई छलांग, लेकिन नहीं बची जान, कारपेंटर की डूबने से मौत, पसरा मातम
A father fell into a deep river while casting a fishing net; seeing him drowning, his son jumped in after him but could not save him. The carpenter drowned, and the family is plunged into grief.
कोरबा : कोरबा जिले के रजगामार पुलिस चौकी क्षेत्र में पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गए एक व्यक्ति की डूबने से मौत हो गई. मृतक की पहचान श्यामनगर बस्ती निवासी राजकुमार खैवार उम्र 45 साल के रूप में हुई है. पिता को डूबता देख बेटे ने नदी में छलांग लगाकर उन्हें बाहर निकाला। लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो गई.
मिली जानकारी के मुताबिक रजगामार पुलिस चौकी अंतर्गत श्यामनगर बस्ती निवासी राजकुमार खैवार उम्र 45 साल पेशे से कारपेंटर थे. बुधवार 27 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे वह जाल लेकर पुलकदई नदी में मछली पकड़ने गए थे. काफी समय बीतने के बाद भी जब वह घर नहीं लौटे तो परिजनों को चिंता हुई. इसके बाद उनका बेटा संदीप खैवार पिता की तलाश में नदी की तरफ पहुंचा. नदी के पास पहुंचने पर संदीप को मदद के लिए आवाज सुनाई दी. उसने देखा कि उसके पिता गहरे पानी में डूब रहे हैं. संदीप ने बिना देर किए नदी में छलांग लगा दी और राजकुमार को पानी से बाहर निकाला. इसके बाद उसने पिता को प्राथमिक उपचार देने का प्रयास किया.
स्थानीय लोगों की मदद से करीब आधे घंटे बाद राजकुमार को बाइक से मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया. लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी सांसें थम चुकी थीं. डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. हादसे की खबर मिलने के बाद रजगामार पुलिस ने अस्पताल मेमो के आधार पर मर्ग कायम किया है. पुलिस ने मामले में वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है और घटना की जांच की जा रही है.
बारिश के मौसम में जिले की नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से डूबने की घटनाओं का खतरा बढ़ गया है. प्रशासन की तरफ से लोगों को उफनती नदियों और जलस्रोतों से दूर रहने की अपील की जा रही है. संबंधित विभाग द्वारा नदी-नालों में मछली पकड़ने पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद लोग जान जोखिम में डालकर पानी में उतर रहे हैं.
राजकुमार की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नदी किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है. ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



