डेढ़ महीने के भाई के लिए बनाया झूला, खेलते समय गमछे में फंसा गला, खेल-खेल में 10 वर्षीय मासूम बच्ची ने तोड़ा दम, इलाके में पसरा मातम
A 10-year-old girl lost her life while playing after her neck got entangled in a *gamchha* (traditional cotton towel) she had fashioned into a swing for her infant brother; the incident has plunged the area into mourning.
कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है. जहां खेल-खेल में एक 10 साल की बच्ची की जान चली गई. बालको थाना क्षेत्र के सतनाम नगर में रहने वाली बच्ची की मौत गमछे में गला फंसने से हुई. हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है. शुरुआती जांच में पुलिस ने इसे हादसा माना है और किसी आपराधिक घटना की संभावना से इंकार किया है.
मिली जानकारी के मुताबिक मृत बच्ची रोमा राज पिता शंभू राज मूल रूप से ग्राम गढ़ उपरोड़ा की रहने वाली थी. वर्तमान में वह अपने परिवार के साथ बालको क्षेत्र के सतनाम नगर में रह रही थी. रोमा कक्षा तीसरी की छात्रा थी और पढ़ाई के साथ-साथ उसे अपने छोटे भाई के साथ खेलना काफी पसंद था.
परिजनों के मुताबिक हादसे के वक़्त रोमा अपने घर में छोटे भाई के साथ खेल रही थी. खेलते-खेलते उसने घर में रखे गमछे को ऊपर बांध लिया और उसमें सिर डालकर मजाक करने लगी. बताया जा रहा है कि रोमा पहले भी अपने छोटे भाई को हंसाने के लिए इस तरह की हरकत करती थी. लेकिन इस बार खेल उसके लिए जानलेवा साबित हो गया.
खेल के दौरान अचानक गमछा उसके गले में कस गया और बच्ची सांस नहीं ले सकी. कुछ ही समय में उसकी हालत बिगड़ गई. हादसे के वक्त रोमा की मां घर में नहाने गई हुई थी. जबकि उसके पिता शंभू राज मजदूरी के काम से बाहर गए थे. घर में उस समय रोमा और उसका छोटा भाई ही मौजूद थे. बच्ची की हालत बिगड़ने पर छोटे भाई ने शोर मचाया. आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और रोमा को जमीन पर बेहोशी की हालत में देखा.
पड़ोसियों की मदद से फौरन बच्ची को अस्पताल ले जाया गया. लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. हादसे की जानकारी मिलते ही बालको थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और परिजनों से पूछताछ की. इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की गई और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक शुरुआती जांच में यह मामला एक हादसे के रूप में सामने आया है. बच्ची खेलते समय गमछे में फंस गई थी. जिससे उसकी मौत हुई.
पुलिस ने इस हादसे में किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि या साजिश की संभावना से इंकार किया है. रोमा की अचानक हुई मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है. माता-पिता और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. आसपास के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं. पड़ोसियों ने बताया कि रोमा एक हंसमुख बच्ची थी और अक्सर अपने छोटे भाई के साथ खेलती रहती थी.
पुलिस ने लोगों से अपील किया कि बच्चों के खेलते समय विशेष सावधानी रखें और ऐसी चीजों से बच्चों को दूर रखें. जिनसे हादसे की संभावना बनी रहती है. खासकर छोटे बच्चों को अकेला न छोड़ने और उनकी गतिविधियों पर नजर रखने की जरूरत है. ताकि भविष्य में इस तरह की दुखद हादसों को रोका जा सके.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



