गणेश विसर्जन के दौरान सरपंच के पिता की बेरहमी से हत्या, बच्चों के बीच हुए झगड़े ने बड़ों के बीच में लिया हिंसक रूप, एक महिला समेत 4 आरोपी गिरफ्तार
Sarpanch's father brutally murdered during Ganesh Visarjan; a dispute between children escalated into violence among adults; four accused, including a woman, arrested.
जांजगीर-चांपा/बलौदा : ग्राम गतवा में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया. मारपीट के दौरान एक अधेड़ की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. घटना में अन्य लोगों के साथ भी मारपीट की गई. मामले में पंतोरा चौकी पुलिस ने कार्रवाई करते हुए महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपियों को अदालत में पेश करने के बाद ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को पंतोरा चौकी क्षेत्र के ग्राम गतवा में गणेश विसर्जन किया जा रहा था. इसी दौरान नारायण कश्यप और राहुल कश्यप के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया. विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच गाली-गलौज और मारपीट हो गई.
वारदात के बाद राहुल कश्यप ने इसकी जानकारी अपने पिता रोहित कश्यप को दी. बेटे के साथ विवाद की जानकारी मिलने पर रोहित मौके पर बीच-बचाव करने पहुंचे. इस दौरान उनके साथ भी मारपीट की गई. विवाद और मारपीट के बाद रोहित कश्यप, राहुल कश्यप और जोत राम कश्यप ने मामले की शिकायत पुलिस से करने का फैसला किया. तीनों एक बाइक पर सवार होकर घटना की रिपोर्ट दर्ज कराने पंतोरा चौकी जा रहे थे. इसी दौरान ग्राम गतवा के हाई स्कूल के पास उनका रास्ता रोक लिया गया. वहां शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप ने उन्हें रोक लिया.
रोहित, राहुल और जोत राम के बाइक से नीचे उतरते ही आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया. शिव कश्यप ने डंडे से वार किया. जबकि नारायण कश्यप और संजय कश्यप ने रोहित, राहुल और जोत राम के साथ हाथ-मुक्के और लातों से मारपीट की. वहीं सविता कश्यप पर मारपीट के दौरान राहुल को पकड़कर रखने का आरोप है. हमले के दौरान विवाद और ज्यादा बढ़ गया. आरोपियों ने जोत राम कश्यप को जमीन पर पटक दिया. इससे उनके सिर और छाती में गंभीर चोटें आईं. चोट इतनी गंभीर थी कि जोत राम की मौके पर ही मौत हो गई. घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया.
हत्या की खबर मिलते ही पंतोरा चौकी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही शव का पंचनामा किया और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई शुरू की. पुलिस ने मामले में चारों आरोपियों शिव कश्यप, नारायण कश्यप, संजय कश्यप और सविता कश्यप को हिरासत में लिया. सभी से घटना के बारे में पूछताछ की गई. इसके बाद चारों को गिरफ्तार करअदालत में पेश किया गया. अदालत के हुक्म पर चारों आरोपियों को ज्यूडिशियल रिमांड पर जेल भेज दिया गया है.
पुलिस मामले से जुड़ी परिस्थितियों की जांच कर रही है. गणेश विसर्जन के दौरान शुरु हुए विवाद के बाद हुई इस घटना से गांव में सनसनी फैल गई है. पुलिस की अब तक की कार्रवाई में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है. मामूली विवाद से शुरु हुई मारपीट में एक व्यक्ति की जान चली गई. जबकि शिकायत दर्ज कराने जा रहे लोगों को रास्ते में रोककर हमला करने का आरोप भी गिरफ्तार आरोपियों पर है.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



