फर्जी ऋण पुस्तिका से जमीन की बिक्री, 15 लाख में 1 एकड़ 60 डिसमिल जमीन का सौदा, बयाना लेकर रची ठगी की साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

Sale of land using a fake loan book, deal of 1 acre 60 decimal land for 15 lakhs, conspiracy to defraud after taking advance, one accused arrested, another absconding

फर्जी ऋण पुस्तिका से जमीन की बिक्री, 15 लाख में 1 एकड़ 60 डिसमिल जमीन का सौदा, बयाना लेकर रची ठगी की साजिश, एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार

बालोद : जमीन की फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामले में बालोद पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने चंद घंटों के भीतर एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. जबकि दूसरा आरोपी अभी फरार है. जिसकी तलाश जारी है.
फर्जी दस्तावेज बनाकर जमीन बेचने का किया सौदा
मिली जानकारी के मुताबिक ग्राम लाटाबोड़ निवासी डमेन्द्र कुमार गंजीर के नाम दर्ज करीब 1 एकड़ 60 डिसमिल कृषि भूमि की फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार की गई. आरोपियों ने खुद को जमीन का असल मालिक बताकर ग्राम देवारभाट निवासी दंपति से जमीन का सौदा कर लिया. आरोपियों ने उक्त जमीन को 15 लाख रुपये में बेचने का समझौता किया और बयाने के तौर पर 1 लाख 50 हजार रुपये ले लिए. साथ ही फर्जी ऋण पुस्तिका और इकरारनामा भी सौंप दिया.
फर्जीवाड़े की जानकारी मिलते ही खुली पोल
जब खरीदार पक्ष को दस्तावेजों पर शक हुआ और जांच में ऋण पुस्तिका फर्जी निकली. तब मामले की शिकायत की गई. जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि आरोपी हरिशंकर गजभिये और नरेन्द्र बहादुर सोनी ने मिलकर सुनियोजित तरीके से यह धोखाधड़ी की थी.
एक आरोपी गिरफ्तार, दूसरा फरार
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपी नरेन्द्र बहादुर सोनी उम्र 40 साल निवासी खैरतराई को हिरासत में लेकर पूछताछ की. पूछताछ में आरोपी ने अपने साथी के साथ मिलकर फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर जमीन बेचने की साजिश काबुल की. पुलिस ने आरोपी के कब्जे से जुर्म में इस्तेमाल वीवो कंपनी का मोबाइल फोन भी जब्त किया है. आरोपी को गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया. वहीं इस मामले का मुख्य आरोपी हरिशंकर गजभिये, निवासी परसोदा अभी फरार है. जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है.
फोन कॉल से खुला फर्जीवाड़े का राज
डर्मेंद्र कुमार गंजीर ने शिकायत में बताया था कि 30 मई 2026 को उन्हें जानकारी मिली कि उनकी कृषि भूमि को कुछ लोग बेचने का प्रयास कर रहे हैं. पूछताछ में पता चला कि एक व्यक्ति खुद को डर्मेंद्र कुमार गंजीर बताकर जमीन का मालिक होने का दावा कर रहा था और खरीदार पक्ष को ऋण पुस्तिका दिखाकर सौदा कर चुका था.
जानकारी मिलने के बाद डर्मेंद्र कुमार ने पुलिस, तहसीलदार, उप पंजीयक, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक को शिकायत देकर प्रस्तावित रजिस्ट्री रोकने तथा पूरे मामले की जांच की मांग की थी.
फर्जी ऋण पुस्तिका दिखाकर 15 लाख में किया गया सौदा
जांच में सामने आया कि आरोपी हरिशंकर गजभिये और नरेन्द्र बहादुर सोनी ने मिलकर डर्मेंद्र कुमार गंजीर के नाम की कथित फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार की. इसके बाद देवारभाट निवासी कमला वर्मा और उनके परिवार के साथ करीब 15 लाख रुपये में जमीन बेचने का सौदा किया गया.
आरोप है कि सौदे के दौरान खरीदार पक्ष से 1 लाख 50 हजार रुपये बयाना भी लिया गया और इकरारनामा तैयार कर फर्जी ऋण पुस्तिका सौंप दी गई.
ऋण पुस्तिका में फोटो नहीं होने से हुआ शक
खरीदार पक्ष को तब शक हुआ जब ऋण पुस्तिका में फोटो नहीं मिला. पहचान संबंधी दस्तावेज मांगने पर कथित जमीन मालिक ने रजिस्ट्री के दिन फोटोयुक्त दस्तावेज दिखाने की बात कही. इसी दौरान वास्तविक भूमि स्वामी डर्मेंद्र कुमार गंजीर से संपर्क होने पर पूरे मामले का खुलासा हुआ.
एक ही जमीन की दो ऋण पुस्तिकाओं पर उठे सवाल
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया था कि उनके नाम की मूल ऋण पुस्तिका पहले से मौजूद है. जबकि सौदे में उपयोग की गई दूसरी ऋण पुस्तिका संदिग्ध मालूम होती है. इससे दस्तावेजों की कूटरचना और संभावित मिलीभगत को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
बालोद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के बाद बालोद पुलिस ने जुर्म दर्ज कर विवेचना शुरु की. पूछताछ में आरोपी नरेन्द्र बहादुर सोनी उम्र 40 साल निवासी खैरतराई ने अपने साथी हरिशंकर गजभिये के साथ मिलकर फर्जी ऋण पुस्तिका तैयार कर जमीन बिक्री का प्रयास करने की बात कबूल की.
जांच के घेरे में भूमि दलाली और दस्तावेज सत्यापन व्यवस्था
इस मामले ने भूमि खरीद-बिक्री में सक्रिय दलालों, फर्जी दस्तावेज तैयार करने वाले गिरोहों और दस्तावेज सत्यापन प्रक्रिया पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि जांच में और कौन-कौन लोग सामने आते हैं और फर्जी ऋण पुस्तिका आखिर कहां और कैसे तैयार की गई.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t