रायपुर में डिलीवरी बॉय को टक्कर मारकर लूटपाट, दो बदमाश गिरफ्तार, तीसरे फरार आरोपी की तलाश में जुटी रायपुर पुलिस, मोटरसाइकिल जब्त
In Raipur, a delivery boy was struck and robbed; two miscreants have been arrested, while Raipur Police are searching for a third suspect who remains at large. The motorcycle has been seized.
रायपुर : राजधानी के आमानाका थाना क्षेत्र में एक डिलीवरी बॉय की गाड़ी को जानबूझकर टक्कर मारकर उससे लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है. यह कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और आमानाका थाना पुलिस ने मिलकर की.
मिली जानकारी के मुताबिक मोहम्मद हबीब खान स्विगी इंस्टामार्ट में डिलीवरी बॉय का काम करता है. 10 नवंबर को वह अपनी एक्टिवा से महोबा बाजार से सरोना की ओर पार्सल पहुंचाने जा रहा था. दोपहर के समय डुमर तालाब के पास बाइक पर सवार दो युवकों ने जानबूझकर उसकी एक्टिवा को टक्कर मार दी. जिससे वह गाड़ी समेत सड़क पर गिर गया.
इसके बाद दोनों युवक उससे पैसों की मांग करने लगे. मोहम्मद हबीब ने विरोध किया तो एक और युवक मौके पर आ गया. तीनों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की और उसके पर्स से 5 हजार रुपये नकद और हाथ में पहनी सोने की अंगूठी लूटकर भाग निकले. पीड़ित की शिकायत पर आमानाका थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 376/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 309(6) और 3(5) में मामला दर्ज किया गया.
सीसीटीवी और मुखबिर की मदद से पकड़े गए आरोपी
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला और पुलिस उपायुक्त (पश्चिम क्षेत्र) रॉबिन्सन गुरिया ने आरोपियों को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए। इसके बाद ACCU और आमानाका पुलिस की संयुक्त टीम बनाई गई.
टीम ने पीड़ित से घटना और आरोपियों के हुलिए के बारे में डीटेल पूछताछ की. घटनास्थल और आसपास के रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए. वारदात में इस्तेमाल हुई बाइक की जानकारी जुटाई गई और तकनीकी सबूतों की भी मदद ली गई. इसी बीच मुखबिर से मिली खबर के आधार पर पुलिस ने दुष्यंत साहू और शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू को पकड़ा. पूछताछ में दोनों ने वारदात को अंजाम देना कबूल कर लिया.
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. मामले में शामिल तीसरा आरोपी अभी फरार है. जिसकी तलाश की जा रही है.
गिरफ्तार आरोपी
दुष्यंत साहू पिता ललित साहू उम्र 22 साल निवासी डुमर तालाब, पुराना आमानाका थाना के पास, थाना आमानाका, रायपुर छत्तीसगढ़
शुभांशु नागवंशी उर्फ शिब्बू पिता हेमंत नागवंशी उम्र 21 साल निवासी तिवारी कॉलोनी, डुमर तालाब, पुराना आमानाका थाना के पीछे, थाना आमानाका, रायपुर छत्तीसगढ़
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



