बोरी में डालकर नहर में फेंका शव, गर्दन पर मिले धारदार हथियार के निशान, हत्या की आशंका, इलाके में फैली सनसनी, मृतक की नहीं हो सकी पहचान
Body stuffed in a sack and dumped in the canal; sharp-weapon marks found on the neck; suspected murder; sensation in the area; deceased remains unidentified.
सक्ती : छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के अड़भार चौकी क्षेत्र में नहर में बोरी के अंदर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गई. मंगलवार शाम ग्रामीणों ने नहर में पानी के साथ बहकर आ रही एक बोरी को देखा. शक होने पर उन्होंने पुलिस को खबर दी.
खबर मिलते ही अड़भार चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और बोरी को नहर से बाहर निकालकर खोला. इसके अंदर एक व्यक्ति का शव मिला. शुरुआती जांच में मृतक की गर्दन पर धारदार हथियार से वार किए जाने जैसे निशान दिखाई दिए हैं. ऐसे में पुलिस हत्या की आशंका को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है. आशंका है कि हत्या के बाद शव को बोरी में बांधकर नहर में फेंका गया होगा. घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ अधिकारियों को खबर दी गई. इसके बाद एडिशनल एसपी पंकज पटेल सहित जिले के कई थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया. पुलिस ने मौके से जुड़े सबूत जुटाए और आसपास के क्षेत्र में भी जानकारी इकठ्ठा की.
फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस आसपास के थाना क्षेत्रों से संपर्क कर शव की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है. इसके साथ ही यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि मृतक कौन है और वह नहर तक कैसे पहुंचा.
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की असल वजह और गर्दन पर मिले चोट के निशानों की प्रकृति स्पष्ट हो सकेगी. पुलिस मामले की सभी संभावित पहलुओं से जांच कर रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?



