11KV तार की चपेट में मजदूर, 40% झुलसा, निर्माण कार्य में लापरवाही उजागर, गीली रस्सी बनी हादसे की वजह, सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल
A worker is struck by an 11kV wire, suffering 40% burns. Negligence in construction work exposed. Wet rope caused the accident, raising serious questions about safety.
कोरबा : कोरबा सिविल लाइन थाना क्षेत्र के आरामशीन पारा काशी नगर में निर्माणाधीन तीन मंजिला मकान में काम कर रहा एक मजदूर 11केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आकर गंभीर रुप से झुलस गया. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और साथी मजदूरों ने घायल को जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया. जहां उसका इलाज जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पोड़ी निवासी अजय चौहान उम्र 26 साल ठेकेदार के अधीन मजदूरी का काम कर रहा था. निर्माण कार्य के दौरान वह गीली रस्सी ऊपर फेंक रहा था. इसी दौरान रस्सी पास से गुजर रही 11केवी हाईटेंशन बिजली लाइन से टकरा गई.
करंट लगते ही मजदूर बुरी तरह झुलस गया और उसकी पीठ और दोनों हाथ गंभीर रुप से प्रभावित हो गए. डॉक्टरों के मुताबिक मजदूर करीब 40% तक झुलस गया है. समय पर अस्पताल पहुंचाए जाने से उसकी जान बच गई. लेकिन हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है. उसे लगातार निगरानी में रखा गया है और गहरे जख्मों का इलाज किया जा रहा है. घटना की खबर जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल प्रबंधन ने चौकी पुलिस को मेमो के जरिए भेज दी है. पुलिस अब घायल का बयान दर्ज कर आगे की जांच करेगी.
प्रारंभिक जांच में निर्माण स्थल पर गंभीर सुरक्षा लापरवाही सामने आई है. बताया जा रहा है कि हाईटेंशन लाइन के बेहद करीब बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के निर्माण कार्य किया जा रहा था. न तो बिजली विभाग से शटडाउन लिया गया था और न ही आवश्यक सुरक्षा दूरी का पालन किया गया.
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्षेत्र में पहले भी निर्माण कार्य के दौरान हादसे हो चुके हैं. लेकिन सुरक्षा मानकों को लेकर ठेकेदार और संबंधित एजेंसियों द्वारा लापरवाही बरती जाती रही है. गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही इसी क्षेत्र में एक अन्य निर्माणाधीन भवन से गिरकर मजदूर की मौत हुई थी. लगातार हो रही घटनाओं ने निर्माण कार्यों में सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



