फैक्ट्री में काम के दौरान मजदूर की गई जान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल, प्रबंधन ने साधी चुप्पी, लापरवाही पर मजदूरों का फूटा गुस्सा
A worker died while working in a factory, questions were raised on the safety system, the management remained silent, workers were furious over the negligence
बलौदाबाजार : तिल्दा थाना क्षेत्र के ग्राम छैछानपैरी स्थित आरटेक इंफ्रा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में एक दर्दनाक हादसा हो गया. फैक्ट्री में काम कर रहे 21 साल के मजदूर नंदन कुमार यादव, निवासी बिहार की मौके पर ही मौत हो गई. बताया जा रहा है कि कंपनी की लापरवाही की वजह से मजदूर की जान गई है. इस हादसे के बाद मजदूरों में भारी नाराजगी है.
मिली जानकारी के मुताबिक फैक्ट्री में पेट्रोल पंप के लिए टंकी निर्माण का कार्य चल रहा था. इसी दौरान एक तकनीकी चूक या सुरक्षा व्यवस्था की कमी के चलते यह दर्दनाक हादसा हुआ. हादसे के बाद कंपनी प्रबंधन ने आनन-फानन में घायल मजदूर को रायपुर ले जाने की कोशिश की. लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी.
इस हादसे के बाद मजदूरों में भारी आक्रोश देखा गया. उन्हें शांत कराने के लिए कंपनी प्रबंधन को समझाइश देनी पड़ी. मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही.
प्रबंधन मौन, सवालों से बचते रहे जिम्मेदार
घटना के बाद मीडिया द्वारा सवाल पूछे जाने पर कंपनी के एचआर प्रबंधक और अन्य अधिकारी चुप्पी साधे रहे और जवाब देने से बचते नजर आए.
स्थानीय लोगों और मजदूरों का आरोप है कि कंपनी में सुरक्षा के जरुरी उपायों की भारी कमी है. इतना बड़ा हादसा इस बात का सबूत है कि मजदूरों की सुरक्षा को लेकर लापरवाही बरती जा रही है. वहीं इस मामले में तिल्दा थाना पुलिस जांच शुरु कर दी है और मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है.
सुरक्षा का कोई इंतजाम नहीं – प्रत्यक्षदर्शी
प्रत्यक्षदर्शी विनोद ने बताया कि सुरक्षा का यहां कोई इंतजाम नहीं है. सुबह 10 बजे काम करने के दौरान हादसा हुआ है. उसके बाद मजदूर को तिल्दा रेफर किया गया था, जहां से उसे रायपुर रेफर कर दिया गया. विनोद ने बताया कि किट के नाम पर यहां कुछ नहीं मिलता है. सिर्फ ग्लव्स दिया जाता है. उसके भी फटने के बाद दोबारा मांगने पर मना कर दिया जाता है.
फिलहाल प्रशासन की तरफ से कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है. लेकिन हादसे ने औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक सुरक्षा की अनदेखी को एक बार फिर से उजागर कर दिया है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



