महासमुंद में एक महीने बाद अंधे कत्ल का खुलासा, नाबालिग ने बड़े भाई को उतारा मौत के घाट, पिता ने बोरी में भरकर कुएं में फेंका शव, दो आरोपी गिरफ्तार
A month later, a blind murder was discovered in Mahasamund. A minor killed his elder brother, and the father stuffed the body in a sack and threw it into a well. Two accused arrested.
महासमुंद : महासमुंद जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में हुए अंधे कत्ल की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है. इस मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. जिसमें शराबी बेटे की हरकतों से परेशान होकर पिता और नाबालिग भाई ने मिलकर उसकी हत्या कर दी थी. इसके बाद शव को छिपाने के लिए प्लास्टिक बोरी में भरकर पत्थर से बांधकर कुएं में फेंक दिया गया था.
मिली जानकारी के मुताबिक लभराखुर्द गांव में 9 अप्रैल को यशवंत चंद्राकर के मुर्गी फार्म और जंगल से लगे एनीकट कुएं में एक अज्ञात युवक का शव प्लास्टिक बोरी में पानी में तैरता मिला था. शव मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या की पुष्टि होने के बाद जुर्म दर्ज किया गया.
शुरुआती जांच में मृतक की पहचान को लेकर पुलिस ने गांव के कोटवार और सरपंच से पूछताछ की. इस दौरान जानकारी मिली कि महेश ध्रुव का बड़ा बेटा सत्यनारायण ध्रुव उम्र 27 साल कई दिनों से लापता है. बाद में परिजनों को बुलाकर शव की शिनाख्त कराई गई. जिसमें मृतक की पहचान सत्यनारायण ध्रुव के रूप में हुई. इसके बाद पुलिस ने मृतक के पिता महेश ध्रुव, माता अहिल्याबाई और नाबालिग भाई से कड़ी पूछताछ की.
पूछताछ में पूरे मामले का खुलासा हुआ. परिजनों ने बताया कि मृतक शराब का आदी था और अक्सर नशे में घर में गाली-गलौज और मारपीट करता था. घटना वाले दिन भी वह अपनी मां से झगड़ा कर रहा था और मारपीट करने लगा था.
इसी दौरान छोटे भाई ने बीच-बचाव किया। लेकिन विवाद बढ़ गया. गुस्से में आकर नाबालिग भाई ने घर में रखे पत्थर के सील से सत्यनारायण पर कई वार किए. जिससे उसकी मौत हो गई. हत्या के बाद नाबालिग ने घर में फैले खून को साफ किया. कुछ देर बाद पिता घर पहुंचे तो बेटे की मौत हो चुकी थी. इसके बाद पिता महेश ध्रुव ने नाबालिग बेटे के साथ मिलकर शव को ठिकाने लगाने की योजना बनाई. दोनों ने शव को प्लास्टिक बोरी में भरकर उस पर पत्थर बांध दिया और पास के कुएं में फेंक दिया. ताकि मामला हादसा लगे.
पुलिस ने सबूत छिपाने और हत्या के मामले में पिता महेश ध्रुव को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. जबकि नाबालिग को बाल न्यायालय में पेश किया गया है. पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है. यह मामला परिवारिक विवाद और नशे की आदतों के कारण हुए गंभीर अपराध के रुप में सामने आया है. जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



