आधी रात को अज्ञात तत्वों की खौफनाक करतूत, घर के भीतर खड़ी ईको कार को बनाया आग का निशाना, गैस सिलेंडर से धमाके के बाद मचा हड़कंप
A chilling act by unknown elements in the middle of the night: an Eeco car parked inside a house was set on fire, triggering a blast from a gas cylinder and causing widespread panic.
गरियाबंद/छुरा : अब घर की चारदीवारी के भीतर खड़ा वाहन भी सुरक्षित नहीं रह गया है. रात के अंधेरे में अज्ञात असामाजिक तत्वों ने ग्राम पंचायत लोहझर के मंदिरपारा में ऐसी वारदात को अंजाम दिया। जिसने पूरे गांव को चिंता में डाल दिया है. ग्राम पंचायत के वार्ड नम्बर 12 के पंच अरुण कुमार ठाकुर की ईको कार को कथित तौर पर योजनाबद्ध तरीके से आग के हवाले कर दिया गया. आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते वाहन पूरी तरह जलकर कबाड़ में तब्दील हो गया. घटना की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उसी रात गांव के दो अन्य लोगों की कारों को भी आग लगाने का प्रयास किया गया. लेकिन आरोपी अपने मंसूबों में सफल नहीं हो सके.
मिली जानकारी के मुताबिक पंच अरुण कुमार ठाकुर की ईको कार नम्बर CG04 NV 5514 रोज की तरह उनके घर के अंदर बॉडी परिसर में खड़ी थी. बीती रात अज्ञात व्यक्ति ने वाहन को निशाना बनाया. सुबह करीब 4 बजे जब परिवार के सदस्य उठे तो उन्हें वाहन जली हुई हालत में मिला. कार की हालत देखकर परिवार के लोग हैरान रह गए. घटना की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए.
लोहझर में ईको कार में आग
वाहन मालिक अरुण कुमार ठाकुर ने बताया कि उनके घर में ग्रेनाइट टाइल्स लगाने का काम चल रहा है. आशंका है कि इसी काम में उपयोग होने वाले ग्रेनाइट के टुकड़े से आरोपियों ने पहले कार का शीशा तोड़ा. इसके बाद कार के भीतर गैस चूल्हा और सिलेंडर रखकर आग लगा दी. सुबह जब परिवार के सदस्यों ने वाहन के अंदर देखा तो गैस टंकी फटी हुई हालात में मिली. वहां चूल्हा, लाइटर और अन्य सामान भी दिखाई दिए. वाहन के अंदर और बाहर की तस्वीरें आग की भयावहता को बयां कर रही हैं. कार का अधिकांश हिस्सा जलकर पूरी तरह नष्ट हो चुका है.
पीड़ित के मुताबिक इसी रात गांव के दो अन्य लोगों की कारों को भी आग लगाने की कोशिश की गई थी. लेकिन वहां आरोपी कामयाब नहीं हो पाए. अगर इन वाहनों में भी आग फैल जाती तो एक बड़ी दुर्घटना घट सकती थी. घटना की जानकारी तत्काल डायल 112 को दी गई. खबर पर टीम मौके पर पहुंची और पीड़ित को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह देते हुए आगे की कार्रवाई का भरोसा दिलाया.
कौन है गांव में दहशत फैलाने वाला?
लोहझर में हुई इस घटना ने ग्रामीण सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. आखिर अज्ञात आरोपी किस मकसद से घर के भीतर खड़े वाहनों को निशाना बना रहे हैं? क्या इसके पीछे किसी तरह की पुरानी रंजिश है या फिर किसी को नुकसान पहुंचाने की सोची-समझी साजिश? इन सवालों का जवाब पुलिस जांच के बाद ही सामने आ सकेगा.
गांवों से लेकर शहरों तक अधिकांश परिवार अपने वाहन घर के सामने या घर के परिसर में खड़े करते हैं. ऐसे में अगर कोई व्यक्ति रात के अंधेरे में घर के भीतर घुसकर वाहन में आग लगाने लगे तो यह सिर्फ आर्थिक नुकसान का मामला नहीं रह जाता. बल्कि पूरे परिवार और आसपास के लोगों की जान के लिए भी खतरा बन सकता है. गैस सिलेंडर के इस्तेमाल की बात सामने आने से घटना की गंभीरता और बढ़ गई है.
ग्रामीणों की मांग है कि पुलिस इस मामले को सामान्य आगजनी मानकर नजरअंदाज न करे. घटनास्थल का निरीक्षण कर भौतिक सबूत जुटाए जाएं. आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच की जाए और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर आरोपियों तक पहुंचा जाए. साथ ही जिन दो अन्य वाहनों को निशाना बनाने का प्रयास किया गया. उनके बारे में भी जानकारी लेकर जांच का दायरा बढ़ाया जाए.
अब देखना होगा कि छुरा पुलिस इस चुनौती को कितनी गंभीरता से लेती है और घर के भीतर खड़ी कार को आग के हवाले करने वाले अज्ञात आरोपियों तक कब पहुंचती है. ग्रामीणों को उम्मीद है कि दोषियों की जल्द पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी. ताकि भविष्य में कोई भी असामाजिक तत्व इस तरह की वारदात को अंजाम देने का दुस्साहस न कर सके.
ताजा खबर के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb



