एक हफ्ते में 6.5 करोड़ का लेन-देन, म्यूल अकाउंट चलाने का आरोपी खाताधारक लक्ष्मी नारायण गिरफ्तार, कमीशन के रुप में मिलती रही रकम
6.5 crore worth of transactions in a week; account holder Lakshmi Narayan arrested for operating a mule account, receiving commission.
बलौदाबाजार : छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में पुलिस ने साइबर अपराध और म्यूल अकाउंट धारकों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है. इसी कड़ी में थाना सिटी कोतवाली पुलिस ने ग्राम कुम्हारी निवासी आरोपी लक्ष्मी नारायण पटेल उम्र 45 साल को गिरफ्तार किया है. ग्राम कुम्हारी के रहने वाले पटेल का IDBI बैंक खाता साइबर अपराधी म्यूल अकाउंट के रूप में इस्तेमाल कर रहे थे.
मिली जानकारी के मुताबिक आरोपी लक्ष्मी नारायण पटेल ने आईडीबीआई बैंक में खोले गए अपने खाते का उपयोग साइबर फ्रॉड में म्यूल अकाउंट के रुप में किया. 24 जून 2025 से 1 जुलाई 2025 तक खाते में करीब 6 करोड़ 50 लाख रुपये का अनाधिकृत लेनदेन किया गया. साथ ही उक्त खाते के खिलाफ 61 ऑनलाइन वित्तीय धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें दर्ज पाई गई.
पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में की गई कार्रवाई के दौरान आरोपी लक्ष्मी नारायण पटेल को हिरासत में लिया गया. पूछताछ में आरोपी ने बताया कि, 7-8 महीने पहले उसकी मुलाकात एक अन्य आरोपी से हुई थी. आर्थिक परेशानी बताने पर उसे ऑनलाइन शेयर ट्रेडिंग और म्यूल अकाउंट के बारे में जानकारी दी गई.
दूसरे आरोपी ने कहा कि ऐसे खातों में हुए करोड़ों के लेनदेन पर कमीशन मिलता है. इसके बाद लक्ष्मी नारायण पटेल ने अपना खाता खुलवाया और कुछ समय तक कमीशन के रुप में रकम लेता रहा.
जयपुर से भी एक फ्लैट में रहकर करता था ऑनलाइन ठगी
पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी जयपुर भी गया था. जहां वह अन्य आरोपियों के साथ एक फ्लैट में ठहरकर ऑनलाइन ठगी के काम में शामिल हुआ. इस दौरान उसे 20 हजार कमीशन मिला था.
फ्रॉड करने वाला आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में आरोपी लक्ष्मी नारायण पटेल के खिलाफ अपराध क्र. 763/2025 धारा 317(4), 318(4), 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच में लिया गया है. आरोपी लक्ष्मी नारायण पटेल को 20 सितंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



