3 महिना में पैसा डबल करने का झांसा देकर 2.10 लाख की ठगी, हेडजेक्सफंड नेटवर्क से जालसाजी, पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल
2.10 lakh fraud by Hedgexfund network, police arrested 6 accused and sent them to jail after promising to double their money in 3 months.
जशपुर : छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के गृह जिला जशपुर के बगीचा और सन्ना क्षेत्र में रुपये दुगना करने का झांसा देकर ग्रामीणों से ठगी करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश किया है. hedgexfund नामक नेटवर्क कंपनी के नाम पर लोगों को झांसे में लेकर लाखों रुपये की ठगी की गई. इस मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. जिनमें से 5 को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. जबकि मुख्य आरोपी से पुलिस रिमांड पर पूछताछ जारी है.
मिली जानकारी के मुताबिक पीड़िता उर्मिला बाई उम्र 26 साल निवासी कापू टोली, थाना सन्ना ने 10 अप्रैल 2026 को थाना बगीचा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वर्ष 2023 में उनकी पहचान रूपसेरा भलमंडा निवासी दंपति कालेश्वर राम और मीनी बाई से हुई थी. कुछ दिनों बाद ये दोनों अन्य आरोपी शिवशंकर राम (निवासी ग्राम घाघरा, थाना सन्ना) और नीरा सिंह (निवासी दरबारी टोली, जशपुर) के साथ प्रार्थिया की मां चंद्रमणि बाई के ग्राम महादेवडांड स्थित घर पहुंचे. आरोपियों ने खुद को hedgexfund नामक नेटवर्क कंपनी का सदस्य बताते हुए प्रार्थिया की मां को झांसे में लिया और कहा कि इस कंपनी में निवेश करने पर 3 माह के भीतर राशि दोगुनी हो जाएगी. साथ ही भरोसा दिलाया कि यदि राशि दोगुनी नहीं हुई तो ब्याज सहित पूरी रकम वापस कर दी जाएगी. इस लालच में आकर प्रार्थिया की मां उनके झांसे में आ गईं.
इसके बाद आरोपी महादेवडांड गांव के उमेश राम, विवेक सिंह तथा प्रार्थिया के कापू टोली स्थित घर पर बार-बार जाकर ग्रामीणों को निवेश के लिए प्रेरित करते रहे. इस तरह प्रार्थिया ने वर्ष 2023 में 20,000 रुपये, दिनांक 10 जनवरी 2024 को 1,00,000 रुपये और 19 जनवरी 2024 को 50,000 रुपये, कुल 1,70,000 रुपये नगद और फोनपे के जरिए आरोपियों को दिए. वहीं प्रार्थिया की मां चंद्रमणि बाई ने भी 15 फ़रवरी 2024 को 40,000 रुपये दिए. राशि लेने के बाद आरोपियों ने प्रार्थिया एवं अन्य पीड़ितों के नाम से hedgexfund का आईडी और पासवर्ड बनाकर दिया. जिसमें लॉग इन करने पर राशि डॉलर में दिखाई देती थी. कुछ समय बाद यह वॉलेट बंद हो गया. जिससे ठगी का अहसास हुआ. जब प्रार्थिया ने अपनी राशि वापस मांगी. तो आरोपी टालमटोल करने लगे.
इस तरह आरोपियों ने थाना सन्ना और बगीचा क्षेत्र के कई ग्रामीणों को hedgexfund नेटवर्क कंपनी के जरिए रुपए दोगुने करने का लालच देकर ठगी की है.
इस मामले में बगीचा थाना में भारतीय दंड संहिता की धारा 420 और 34 के तहत जुर्म दर्ज कर जांच शुरू की गई. वहीं जांच के दौरान पुलिस ने इस ठगी से जुड़े छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में जुर्म कबूल करने और पुख्ता सबूत मिलने पर पांच आरोपी मीनी बाई, कालेश्वर राम, अनिल लकड़ा, शिवनाथ राम और नीरा सिंह को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया. वहीं मुख्य आरोपी शिवशंकर राम को पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है. पुलिस ने आरोपी शिवशंकर राम के कब्जे से एक टोयोटा टायजर कार नम्बर JH 01FU 9460 भी जब्त की है. मामले की जांच जारी है और आशंका है कि पीड़ितों की संख्या तथा ठगी की रकम दोनों बढ़ सकती हैं.
आरोपियों के नाम
शिवशंकर राम उम्र 29 साल ग्राम घाघरा, थाना सन्ना
मीनी बाई उम्र 52 साल ग्राम रूपसेरा भलमंडा, थाना लोदाम
कालेश्वर राम उम्र 48 साल ग्राम रूपसेरा भलमंडा, थाना लोदाम
अनिल लकड़ा उम्र 50 साल ग्राम जरिया बरटोली, चौकी मनोरा
शिवनाथ राम उम्र 27 साल ग्राम दमेरा रायकोना
नीरा सिंह उम्र 36 साल दरबारी टोली, जशपुर
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



