डीजे की आवाज कम करने पर भड़के ग्रामीण, पुलिसकर्मी पर हमला, धारदार हथियार से किया वार, हमले में पुलिसकर्मी घायल, अस्पताल में भर्ती
Villagers got angry on lowering the volume of DJ, attacked the policeman, attacked with a sharp weapon, policeman injured in the attack, admitted to hospital
रायगढ़ : होली के दिन डीजे की तेज आवाज कम करने की बात पर विवाद इतना बढ़ गया कि ग्रामीणों ने एक पुलिसकर्मी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया. यह मामला भूपदेवपुर थाना क्षेत्र के गढ़कुर्री गांव का है. जहां पुलिस गश्त के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने गई थी.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रधान आरक्षक सुरेंद्र ठाकुर अपने सहकर्मी और वाहन चालक योगेश डनसेना के साथ पेट्रोलिंग पर थे. ड्यूटी के बाद दोनों गढ़कुर्री गांव में एक रिश्तेदार से मिलकर लौट रहे थे. तभी उन्होंने कुछ लोगों को तेज आवाज में डीजे बजाते हुए नाच-गाना करते देखा. जब प्रधान आरक्षक ने डीजे की आवाज कम करने को कहा. तो विकास यादव, कन्हैया चौहान, चैतन राठिया और उनके साथियों ने आक्रोशित होकर गाली-गलौज शुरु कर दी.
आरोपियों ने कहा कि पुलिस उनके गांव वालों को शराब बेचने के आरोप में जेल भेजती है. इसलिए वे पुलिस का आदेश नहीं मानेंगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और विकास यादव ने धारदार हथियार से प्रधान आरक्षक पर हमला कर दिया.
हमले में सुरेंद्र ठाकुर के माथे, पीठ और सीने पर गंभीर चोटें आईं. जिससे वह लहूलुहान हो गए. यह देख वाहन चालक योगेश डनसेना, गांव के मोहन राठिया और उनकी पत्नी ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया. इसके बाद घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए जिंदल अस्पताल लाया गया.
घटना की जानकारी मिलते ही भूपदेवपुर पुलिस ने 118(1)-बीएनएस, 296-बीएनएस, 3(5)-बीएनएस, 351(2)-बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा. पुलिस अपील: शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मदद करें और किसी भी आपराधिक गतिविधि की खबर फौरन पुलिस को दें.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI



