जमीन विवाद में अपाहिज बेटे ने मां को लाठी से हमला कर उतारा मौत के घाट, पिता को किया घायल, आरोपी बेटा रामकुमार गिरफ्तार होकर पहुंचा जेल
In a land dispute, a disabled son beat his mother to death with a lathi and injured his father; the accused son, Ramkumar, has been arrested and sent to jail.
कोरबा : जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया. उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम चीतापाली में शुक्रवार देर रात एक दिव्यांग बेटे ने अपनी ही मां की लाठी मारकर हत्या कर दी और पिता पर हमला कर उसे घायल कर दिया. घटना के बाद पूरे गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है. पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के बाद चीतापाली गांव में मातम पसरा है.
मिली जानकारी के मुताबिक चीतापाली निवासी श्याम लाल यादव के दो बेटे हैं. बड़ा बेटा पत्नी-बच्चों के साथ कोरबा शहर में रहता है. घर में श्याम लाल, उनकी पत्नी जानकुंवर उम्र 70 साल और छोटा बेटा अविवाहित रामकुमार यादव उम्र 35 साल रहते थे. रामकुमार दिव्यांग है और लाठी के सहारे चलता है. वह लंबे समय से जमीन का बंटवारा चाह रहा था. लेकिन माता-पिता अभी बंटवारा नहीं करना चाहते थे.
शुक्रवार रात करीब 9-10 बजे रामकुमार ने फिर से बंटवारे की बात उठाई. मना करने पर दोनों के बीच विवाद बढ़ गया. गुस्से में आकर रामकुमार ने लाठी से मां जानकुंवर के सिर पर जोरदार वार कर दिया. गंभीर चोट से जानकुंवर की मौके पर ही मौत हो गई. इतने से भी मन नहीं भरने पर आरोपी ने पिता श्याम लाल पर भी लाठी बरसाई. जिससे उनका एक पैर टूट गया और हाथ और शरीर पर कई चोटें आईं.
वारदात को अंजाम देने के बाद रामकुमार घर से फरार हो गया. रात भर मां का शव घर में पड़ा रहा. शनिवार सुबह घटना की खबर उरगा पुलिस को मिली. थाना प्रभारी नवीन पटेल फौरन टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा. घायल श्याम लाल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और उसे ग्राम अंजोरीपाली से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में रामकुमार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने बताया कि आरोपी पहले भी माता-पिता से मारपीट कर चुका है. उसके खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास का मामला दर्ज कर रिमांड पर भेजने की तैयारी की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t



