बेटे की मौत पर जादू-टोना करने के शक में महुआ बीनने गई महिला को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, कुएं में फेंकी लाश, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

A woman who went to collect mahua flowers was brutally murdered and her body thrown into a well after being suspected of practicing witchcraft to cause her son's death. Police arrested three accused.

बेटे की मौत पर जादू-टोना करने के शक में महुआ बीनने गई महिला को बेरहमी से उतारा मौत के घाट, कुएं में फेंकी लाश, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार

गौरेला पेंड्रा मरवाही : छत्तीसगढ़ के पेंड्रा जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. कोटगार चौकी इलाके में जादू-टोना करने के शक में एक महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई. आरोप है कि पड़ोसी ने अपने दो साथियों के साथ मिलकर महिला के सिर पर पत्थर से हमला किया और बाद में शव को कुएं में फेंक दिया. पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. यह मामला पेंड्रा थाना का है.
मिली जानकारी के मुताबिक प्रार्थी धन सिंह उम्र 21 साल निवासी सरकारीपारा खरडी द्वारा 5 अप्रेल 2026 को थाना पेंड्रा में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उसकी माता कौशिल्या बाई महुआ बीनने के बाद घर लौटते समय संदिग्ध हालत में लापता हो गई थी. बाद में घर के बाड़ी स्थित कुएं में उनका शव मिला. 
जिसके आसपास खून के निशान पाए गए. घटना की जानकारी थाना प्रभारी द्वारा पुलिस अधीक्षक मनोज कुमार खिलारी को दी गई. इस रिपोर्ट पर थाना पेंड्रा में अपराध क्रमांक 103/2026 धारा 103(1), 3(5) BNS के तहत जुर्म दर्ज कर  मामला जांच में लिया गया.
पुलिस अधीक्षक खिलारी के द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अविनाश कुमार मिश्रा एवं अनुविभागीय अधिकारी पुलिस श्री श्याम कुमार सिदार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी पेंड्रा को तत्काल वैधानिक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया.
जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी धीरपाल उम्र 50 साल के बेटे की करीब पांच महीने पहले इलाज के दौरान मौत हो गई थी. बेटे की मौत के बाद से धीरपाल मानसिक तनाव में चल रहा था. उसे यह वहम हो गया था कि उसके बेटे पर किसी ने जादू-टोना कर दिया है. इसी शक के चलते उसने पड़ोस में रहने वाली महिला को दोषी मान लिया और उससे मन में रंजिश पाल ली.
रंजिश धीरे-धीरे नफरत में बदल गई और आरोपी ने महिला को मारने की साजिश रच डाली. घटना वाले दिन जब महिला घर में अकेली थी, तब धीरपाल अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा. तीनों ने मिलकर महिला पर पत्थर से सिर पर हमला किया. गंभीर चोट लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई.
हत्या करने के बाद आरोपियों ने सबूत मिटाने की कोशिश की. महिला का शव घर के पास स्थित कुएं में फेंक दिया गया और तीनों वहां से फरार हो गए. उन्हें लगा कि इस तरह मामला दब जाएगा. कुछ समय बाद जब महिला के परिजन घर पहुंचे। तो बाहर खून के निशान देखकर उन्हें शक हुआ. आसपास तलाश करने पर कुएं में महिला का शव नजर आया. इसके बाद पुलिस को खबर दी गई.
खबर मिलते ही पेंड्रा पुलिस मौके पर पहुंची. शव को कुएं से बाहर निकालकर पंचनामा किया गया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत जांच शुरू की और शक के आधार पर मुख्य आरोपी धीरपाल को हिरासत में लिया. पुलिस पूछताछ के दौरान धीरपाल टूट गया और उसने अपने दो साथियों के साथ मिलकर हत्या करने की बात कबूल कर ली. इसके बाद पुलिस ने बाकी दोनों आरोपियों को भी पकड़ लिया. पूछताछ में उन्होंने भी अपना जुर्म कबूल कर लिया.
आरोपियों के बयान के आधार पर  जरुरी सबूत इकठ्ठा किए गए. पुलिस द्वारा घटना स्थल निरीक्षण, शव पंचनामा, गवाहों के बयान और अन्य सबूतों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ पुख्ता सबूत पाए जाने पर 6 अप्रेल 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया गया. जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है.
आरोपी
1. धीरपाल सिंह श्याम उम्र 41 साल
2. संतोष कोर्राम उम्र 41 साल
3. सोनसाय प्रजापति उम्र 19 साल
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t