मर्डर की कोशिश, पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, 8 महीने से फरार चल रहे नाबालिग समेत 3 आरोपी गिरफ्तार, बाकी आरोपियों की तलाश जारी
Attempted Murder: Police Achieve Major Breakthrough, Three Accused, Including a Minor, Arrested After Eight Months on the Run; Search for Other Accused Continues
राजनांदगांव : राजनांदगांव पुलिस ने हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है. ये सभी आरोपी पिछले करीब आठ महीनों से पुलिस की पकड़ से बाहर थे. गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश किया. जहां से जेल वारंट जारी होने पर सभी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया.
मिली जानकारी के मुताबिक 23 मई 2025 को सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र में एक युवक पर जानलेवा हमला किया गया था. पीड़ित की पत्नी ने इस मामले में थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी. शिकायत के मुताबिक आरोपी मनीष अमोरिया, आकाश मरकाम, भैयालाल महिलांगे और उनके अन्य साथियों ने मिलकर दीपेश ढीमर पर हमला किया था.
आरोप है कि सभी आरोपी दीपेश ढीमर को जान से मारने की नीयत से उसके साथ मारपीट करने लगे. उन्होंने पहले हाथ-मुक्कों से हमला किया और फिर चाकू से वार कर उसे गंभीर रुप से घायल कर दिया। हमले में दीपेश को गंभीर चोटें आई थीं. जिसके बाद उसे इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया. लंबे समय तक इलाज के बाद उसकी जान बच सकी.
इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 109, 296, 351(2), 191(2), 191(3) और 190 के तहत जुर्म दर्ज किया था. पुलिस ने शुरुआती जांच के बाद कुछ आरोपियों को चिन्हित किया. लेकिन मुख्य आरोपी लंबे समय तक फरार रहे.
लगातार तलाश और तकनीकी सबूतों के आधार पर और पुलिस को 7 फरवरी को मुखबिर से खबर मिली। जिसके बाद एक विशेष टीम का गठन किया गया. टीम ने घेराबंदी कर आकाश मरकाम (उम्र 19 साल), भैयालाल महिलांगे (उम्र 19 साल) और एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया.
उनके बयान के आधार पर घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है. गिरफ्तार आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश दिया गया. इसके बाद सभी को जिला जेल राजनांदगांव भेज दिया गया.
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस मामले में शामिल अन्य आरोपी अभी भी फरार हैं. थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश के लिए लगातार दबिश दी जा रही है. संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB



