अज्ञात हाईवा ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 112 वाहन और एंबुलेंस में तोड़फोड़, पुलिसकर्मी और चालक घायल

An unknown truck hit a bike, villagers were furious over the death of a young man, 112 vehicles and an ambulance were vandalized, and a policeman and driver were injured.

अज्ञात हाईवा ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर, युवक की मौत पर ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, 112 वाहन और एंबुलेंस में तोड़फोड़, पुलिसकर्मी और चालक घायल

धमतरी : छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सड़क हादसे के बाद हालात बेकाबू हो गए. उमर्दा गांव में हुए इस हादसे में एक युवक की मौत के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और मौके पर जमकर हंगामा हुआ. आक्रोशित भीड़ ने न सिर्फ 112 वाहन और प्राइवेट एंबुलेंस में तोड़फोड़ की. बल्कि हाथापाई की घटना भी सामने आई. इस दौरान एंबुलेंस चालक और एक पुलिस सब-इंस्पेक्टर के घायल होने की सूचना है. यह मामला धमतरी के उमर्दा गांव का है.
मिली जानकारी के मुताबिक भैंसमुडा निवासी लीलाराम साहू देर रात अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार अज्ञात हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी. इस हादसे में लीलाराम साहू की मौके पर ही मौत हो गई. जबकि उनका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया. हादसे की खबर मिलते ही बड़ी तादाद में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए. देखते ही देखते माहौल तनावपूर्ण हो गया और ग्रामीणों ने शव उठाने का विरोध शुरू कर दिया. इसी दौरान 112 आपातकालीन वाहन और “वंदे मातरम सेवा परिवार” की प्राइवेट एंबुलेंस मौके पर पहुंची, लेकिन भीड़ ने उन्हें भी शव उठाने से रोक दिया.
हालात बिगड़ने पर कुछ लोगों ने एंबुलेंस चालक के साथ हाथापाई की और वाहन में तोड़फोड़ कर दी. इस दौरान मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी विरोध का सामना करना पड़ा. हालात को कंट्रोल करने की कोशिश में एक सब-इंस्पेक्टर और एंबुलेंस चालक घायल हो गए.
पुलिस के मुताबिक हादसे के दौरान इलाके में तनाव फैल गया और हालात को कंट्रोल करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाना पड़ा. बताया जा रहा है कि मौके पर पेट्रोलिंग वाहन की कमी की वजह से पुलिस को पहुंचने में थोड़ी देरी हुई. जिससे हालात और बिगड़ गए.
ग्रामीणों का आरोप था कि हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई में देरी हुई. जिससे आक्रोश बढ़ गया. हालांकि पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मामले को कंट्रोल करने का प्रयास किया गया और हालात अब पूरी तरह कंट्रोल में है.
घटना के बाद एंबुलेंस चालक ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और तोड़फोड़ और मारपीट में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है. अधिकारियों ने कहा है कि वीडियो फुटेज और चश्मदीदों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है और कहा कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/CvTzhhITF4mGrrt8ulk6CI?mode=gi_t