तू मुझे नहीं जानता, तेरे को… भाजयुमो जिलाध्यक्ष की दबंगई!, आधी रात डॉक्टर को गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज

you don't know me... BJYM District President's arrogance!, Abused a doctor at midnight and threatened to kill him, FIR registered

तू मुझे नहीं जानता, तेरे को… भाजयुमो जिलाध्यक्ष की दबंगई!, आधी रात डॉक्टर को  गाली-गलौज कर दी जान से मारने की धमकी, FIR दर्ज

बिलासपुर : छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से पूर्व विधायक के बेटे भाजयुमो मुंगेली जिलाध्यक्ष तरुण खांडेकर की दबंगई सामने आई है. बताया जा रहा है कि आधी रात स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे तरुण खांडेकर ने डॉक्टर के साथ गाली गालौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी. मामले की शिकायत के बाद पुलिस ने केस दर्ज किया है. इस घटना को लेकर डॉक्टरों ने सुरक्षा को लेकर आशंका जताई है. यह मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है.
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) तखतपुर में रात्रिकालीन ड्यूटी के दौरान मुंगेली के भाजयुमो जिलाध्यक्ष और पूर्व विधायक के बेटे तरुण खांडेकर द्वारा डॉक्टर से गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी और सरकारी काम में बाधा डालने का गंभीर मामला सामने आया है. डॉक्टर की लिखित शिकायत पर तखतपुर पुलिस ने आरोपी भाजयुमो मुंगेली जिलाध्यक्ष तरुण के खिलाफ बीएनएस की धाराओं 296, 351(2) और 221 के तहत एफआईआर दर्ज कर लिया है.
शिकायतकर्ता डॉ.अभिषेक पात्रो, निवासी विनोबा नगर बिलासपुर, जो वर्तमान में सीएचसी तखतपुर में मेडिकल ऑफिसर के पद पर पदस्थ हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि 24 जनवरी की रात वे रात्रि ड्यूटी पर कार्यरत थे. इसी दौरान रात करीब 9:40 बजे तरुण अपनी माता को इलाज के लिए अस्पताल लेकर पहुंचा। डॉ. पात्रो के मुताबिक आरोपी ने चिकित्सकीय नियमों को दरकिनार करते हुए अपनी मर्जी से इलाज कराने का दबाव बनाया.
डॉक्टर द्वारा चिकित्सकीय कारणों से असहमति जताने पर आरोपी उग्र हो गया और गाली-गलौज करने लगा. आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने कहा- तू मुझे नहीं जानता और जान से मारने की धमकी दी और इलाज की प्रक्रिया को लेकर डराने का प्रयास किया. आरोप है कि उसने अपनी राजनीतिक पहचान और रसूख का हवाला देकर डॉक्टर को डराने की कोशिश की और सरकारी काम में बार-बार बाधा डाली.
बताया जा रहा है कि आरोपी भाजपा युवा मोर्चा मुंगेली का जिलाध्यक्ष है. पहले जनपद पंचायत अध्यक्ष भी रह चुका है. उसके पिता चोवादास खांडेकर भाजपा के पूर्व विधायक रह चुके हैं. साथ ही आरोपी का संबंध एक पूर्व मंत्री के परिवार से भी बताया जा रहा है. इतना ही नहीं, आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है.
2018 में तखतपुर क्षेत्र में रात्रि गश्त के दौरान आरोपी तरुण खांडेकर और उसके भाई निक्की खांडेकर पर आरक्षक और एसआई के साथ गाली-गलौज, मारपीट और जानलेवा हमला करने का गंभीर आरोप लगा था. उस घटना में एक आरक्षक को संवेदनशील अंगों पर गंभीर चोट आई थी. जिससे वह मौके पर बेहोश हो गया था. पुलिस ने उस मामले में धारा 186, 307, 332, 353, 392 सहित अन्य धाराओं में अपराध दर्ज कर दोनों को गिरफ्तार किया था.
डॉ. पात्रो ने अपनी शिकायत में बताया कि घटना के बाद वे डरे हुए हैं और रात की ड्यूटी के दौरान खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि अगर आगे उनके साथ कोई अनहोनी होती है, तो इसकी जिम्मेदारी आरोपी की होगी.
मामले की गंभीरता को देखते हुए तखतपुर पुलिस ने फौरन एफआईआर दर्ज कर ली है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LNzck3m4z7w0Qys8cbPFkB