सोशल मीडिया पर फेमस होने और फॉलोअर्स बढ़ाने की सनक, युवकों को कानून से पंगा लेना पड़ा भारी, तीन आरोपी पहुंच गए सलाखों के पीछे
The obsession with gaining social media fame and followers has cost young people dearly, with three accused facing jail time.
बालोद : बालोद में सोशल मीडिया पर प्रसिद्धि पाने की चाहत तीन युवकों को भारी पड़ गई. इंस्टाग्राम पर वीडियो बनाने के दौरान चाकू लहराने और आपत्तिजनक भाषा का प्रयोग करने वाले तीन युवकों को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है. यह घटना गुंडरदेही थाना क्षेत्र में हुई. जहां युवकों ने प्रतिबंधित हथियारों के साथ वीडियो रिकॉर्ड किया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया.
पुलिस ने वायरल हुए वीडियो का संज्ञान लेते हुए तीनों आरोपियों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया. उनके पास से हथियार भी बरामद किए गए हैं. गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान लक्की बिझेकर (उम्र 18 साल शीतलापारा गुंडरदेही), संस्कार सोनी (उम्र 23 साल कौशल महाविद्यालय के पास गुंडरदेही) और पदुम भारती गोस्वामी (उम्र 24 साल वार्ड नंबर 4 गुंडरदेही) के रुप में हुई है. इन सभी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कानूनी कार्रवाई की गई है.
पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने साफ किया है कि वीडियो में दिख रहे हथियार पूर्णतः प्रतिबंधित हैं. उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर इस तरह के वीडियो बनाकर कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में पुलिस सख्ती से निपटेगी.
एसपी ने आम जनता से अपील किया कि वे सोशल मीडिया का उपयोग जिम्मेदारी से करें और किसी भी सूरत में हथियारों का प्रदर्शन न करें. इस तरह की हरकतें न सिर्फ कानून का खिलाफ हैं. बल्कि समाज में डर का माहौल भी पैदा कर सकती हैं. पुलिस ऐसे कृत्यों पर कड़ी नजर रख रही है और भविष्य में भी ऐसी घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी.
उन्होंने युवाओं को सलाह दी कि वे अपनी ऊर्जा का सकारात्मक उपयोग करें और प्रसिद्धि पाने के लिए गैरकानूनी या खतरनाक तरीकों का सहारा न लें. यह घटना सोशल मीडिया के दुरुपयोग और उसके संभावित परिणामों का एक स्पष्ट उदाहरण है.
ताजा खबर से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/LEzQMc7v4AU8DYccDDrQlb?mode=ac_t



